Fact Check: मुंबई में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर जुटी भीड़ के दावे से पुराना वीडियो वायरल


मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मुंबई के शिवाजी पार्क में 2 अक्टूबर 2026 को प्रदर्शन हुआ था, लेकिन वायरल हो रहा वीडियो जुलाई 2026 में धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद का है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवालों के बीच 2 अक्टूबर 2026 को दिल्ली और मुंबई में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन हुए थे। मुंबई के शिवाजी पार्क में भी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके के नेतृत्व में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन हुआ था। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर भीड़ का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसे शेयर करते हुए कुछ यूजर्स ने दावा किया कि यह वीडियो मुंबई में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हुए प्रदर्शन का है।

विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि 2 अक्टूबर 2026 को मुंबई के शिवाजी पार्क में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ हुए प्रदर्शन में फिल्मी सितारों समेत कई लोग शामिल हुए थे, लेकिन इससे जोड़कर वायरल हो रहा वीडियो जुलाई 2026 में पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद का है।

क्या है वायरल पोस्ट?

इंस्टाग्राम यूजर ‘बोलता हिन्दुस्तान’ ने 2 अक्टूबर 2026 को एक वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “मुंबई: CJP प्रदर्शन में शिवाजी पार्क पहुंचे हजारों लोग!”

समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता एवं यूपी के पूर्व मंत्री आईपी सिंह ने भी इस वीडियो को 2 अक्टूबर 2026 के प्रदर्शन का मानकर शेयर (आर्काइव लिंक) किया है।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस पर सर्च किया। फेसबुक पेज ‘Mumbai Explore‘ पर इस वीडियो को 26 जुलाई 2026 को पोस्ट करते हुए लिखा गया, “जीत के बाद दादर में जबरदस्त जश्न।”

इससे यह साफ हो गया कि वायरल वीडियो 2 अक्टूबर का नहीं, बल्कि जुलाई 2026 का है।

इंस्टाग्राम यूजर ‘armansalmani9576’ ने भी इससे मिलता-जुलता एक अन्य वीडियो 26 जुलाई 2026 को पोस्ट किया था।

‘मिड-डे’ की वेबसाइट पर 27 जुलाई 2026 को छपी एक रिपोर्ट के अनुसार, “धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद मुंबई के शिवाजी पार्क में हजारों लोग जमा हुए, जिससे पहले से तय ‘तिरंगा मार्च’ एक जश्न वाली रैली में बदल गया। उद्धव, राज, आदित्य ठाकरे और अन्य नेताओं ने भीड़ को संबोधित किया और राज ने मृत NEET उम्मीदवारों को श्रद्धांजलि दी। बता दें कि सीजेपी के आंदोलन की मुख्य मांगों में से एक पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा था।”

इस बारे में हमने मुंबई में ‘दैनिक जागरण’ के रिपोर्टर विनोद राठौर से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि यहां 2 अक्टूबर को प्रदर्शन हुआ था, लेकिन वायरल हो रहा वीडियो पुराना है।

क्या है संदर्भ?

मुख्य चुनाव आयुक्त और दोनों चुनाव आयुक्तों के बीच मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर), वोटर डेटा और फॉर्म-6 समेत कुछ मुद्दों पर मतभेद होने का दावा करने वाली एक रिपोर्ट ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ में प्रकाशित हुई थी, जिसके बाद चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विपक्षी दलों ने सवाल उठाए हैं।

चुनाव आयोग के एक्स हैंडल पर 26 सितंबर 2026 को एक प्रेस रिलीज जारी कर कहा गया, “हाल के महीनों में आयोग ने देशभर में SIR सहित कई निर्णय लिए हैं। सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 24.6.2025 को जारी SIR का आदेश, जिसकी शुरुआत बिहार से हुई और बाद में इसे पश्चिम बंगाल तथा 30 अन्य राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में लागू किया गया, आयोग की सर्वसम्मत मंजूरी से जारी किया गया था। 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए SIR का कार्यक्रम 27.10.2025 को और 19 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 14.05.2026 को आयोग की सर्वसम्मत मंजूरी से जारी किया गया था।”

इससे पहले 23 सितंबर 2026 को चुनाव आयोग की प्रेस रिलीज में सफाई देते हुए कहा गया, “किसी भी संस्थान में विचार-विमर्श के दौरान अलग-अलग विचार और दृष्टिकोण का होना एक सामान्य बात है। ये तथ्य अंतिम निर्णय लिए जाने से पहले, निर्णय लेने की प्रक्रिया का हिस्सा होते हैं। न केवल तीनों आयुक्त, बल्कि आयोग का प्रत्येक अधिकारी चुनावी प्रणाली में सुधार के लिए आयोग को अपने सुझाव देने के लिए पूरी तरह से अधिकृत है।”

‘न्यूज 24’ के यूट्यूब चैनल पर 2 अक्टूबर 2026 को अपलोड किए गए एक वीडियो न्यूज के अनुसार, ”मुंबई के शिवाजी पार्क में गांधी जयंती के दिन ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया। अभिजीत दीपके ने इस प्रदर्शन का आह्वान किया था। इसमें कई बॉलीवुड सितारे भी शामिल हुए थे।”

पुराने वीडियो को 2 अक्टूबर 2026 का बताकर शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। अक्टूबर 2024 में बने इस अकाउंट के करीब दो लाख 90 हजार फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मुंबई के शिवाजी पार्क में 2 अक्टूबर 2026 को प्रदर्शन हुआ था, लेकिन वायरल हो रहा वीडियो जुलाई 2026 में धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद का है।


  • Claim Review : यह वीडियो मुंबई में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हुए प्रदर्शन का है।
  • Claimed By : Insta User- बोलता हिन्दुस्तान
  • Fact Check : भ्रामक




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















Contribute to Vishwas News

कॉरपोरेट और राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर सत्ता को हमेशा आइना दिखाने वाली फैक्ट चेक जर्नलिज्म सिर्फ और सिर्फ आपके सहयोग से संभव है। इस मुहिम में हमें आपके साथ और सहयोगी की जरूरत है। फर्जी और गुमराह करने वाली खबर के खिलाफ जारी इस लड़ाई में हमारी मदद करें और कृपया हमें आर्थिक सहयोग दें।

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें





Source link

Related posts

Garba Partner Scam; Navratri 2026 Rent A Garba Partner Viral Trend Alert

Bagpat News: स्वास्थ्य: वायरल संक्रमण का कहर, घर-घर फैल रहा बुखार, Bagpat Hindi News

छेड़छाड़ से परेशान होकर हेलमेट पर लगवा लिया कैमरा! ट्रैफिक में राइडर से हुई मुलाकात तो बयां किया दर्द – woman use camera on helmet to avoid molestation on road raises safety concerns in bengaluru