परमानन्द मौर्य | खोराबार (गोरखपुर)12 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
गोरखपुर AIIMS के MBBS छात्रों की पुलिसकर्मियों से मारपीट का वीडियो सामने आया है। वीडियो फुटेज में तीन छात्र सिपाहियों पर हेलमेट से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज सामने आने के बाद कैंट पुलिस वीडियो में नजर आ रहे छात्रों की पहचान करने में जुटी है।
घटना शनिवार रात करीब 1 बजे कैंट इलाके में छात्रसंघ चौराहे के पास सागर श्री होटल के बाहर की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, AIIMS के 2021 बैच के इंटर्न और 2022 बैच के MBBS छात्र करीब 15 से 20 की संख्या में होटल में पार्टी कर रहे थे। पार्टी के बाद करीब 12 छात्र बाहर निकले। इसी दौरान सड़क पर छात्रों के बीच विवाद हो गया।
समझाने पहुंचे सिपाहियों से हाथापाई
पुलिस के अनुसार, कैंट थाने के दो सिपाही सादे कपड़ों में वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने छात्रों को समझाकर विवाद शांत कराने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान छात्र पुलिसकर्मियों से हाथापाई करने लगे।
मामला बढ़ने पर मौके पर मौजूद सिपाहियों ने पैडलेगंज पुलिस चौकी को सूचना दी। वहां से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और हंगामा कर रहे आठ छात्रों को हिरासत में लेकर कैंट थाने ले गए। रविवार को पुलिस ने सभी आठ आरोपियों का शांतिभंग की आशंका में चालान किया।
सीसीटीवी फुटेज में हेलमेट से हमला
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान सामने आए एक वीडियो में तीन छात्र पुलिसकर्मियों पर हेलमेट से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। अब पुलिस फुटेज के आधार पर इन छात्रों की पहचान कर रही है। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि वीडियो को एम्स प्रशासन को भेजी जाने वाली रिपोर्ट में शामिल किया जाएगा।
हॉस्टल से देर रात बाहर रहने पर एम्स प्रशासन से मांगा जवाब
मामले में AIIMS की निदेशक डॉ. विभा दत्ता से भी जानकारी मांगी गई है। उनसे पूछा गया कि MBBS छात्रों के लिए हॉस्टल में रात में प्रवेश की निर्धारित समय-सीमा क्या है और छात्र देर रात करीब 1 बजे तक परिसर से बाहर कैसे रहे। साथ ही यह भी पूछा गया कि लंबे समय तक छात्रों के हॉस्टल से बाहर रहने की जानकारी हॉस्टल इंचार्ज को क्यों नहीं हुई और निगरानी की क्या व्यवस्था है।
इन सवालों को लेकर डॉ. विभा दत्ता को व्हाट्सएप पर विस्तृत जानकारी भेजी गई, लेकिन खबर लिखे जाने तक उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला।
पहले भी विवादों में आ चुके हैं छात्र
AIIMS के छात्रों से जुड़ा यह पहला विवाद नहीं है। नवंबर 2024 में वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान छात्रों के दो गुटों में विवाद के बाद हॉस्टल के बाहर मारपीट का मामला सामने आया था। एक छात्र ने साथियों और कुछ वरिष्ठ छात्रों पर मारपीट, तोड़फोड़ और जातिसूचक टिप्पणी करने का आरोप लगाया था। मामला न्यायालय तक भी पहुंचा था। वहीं, वर्ष 2024 में दवा लिखने को लेकर जूनियर डॉक्टरों और दवा विक्रेताओं के बीच विवाद और मारपीट की घटना भी सामने आई थी।