एंटरटेनमेंट डेस्क,नई दिल्ली। अक्षय कुमार (Akshay Kumar) और सैफ अली खान (Saif Ali Khan) की फिल्म ‘हैवान’ (Haiwaan Box Office Collection) बॉक्स ऑफिस पर 11 सितंबर को रिलीज हो चुकी है।
प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी ये फिल्म उनकी 2016 में आई मलयालम फिल्म ‘ओप्पम’ का आधिकारिक हिंदी रीमेक है। हैवान को समीक्षकों और दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली जिसका असर फिल्म के सिनेमाघरों में प्रदर्शन पर पड़ रहा है।
फिल्म ने पहले दिन 3 करोड़ रुपये की बॉक्स ऑफिस ओपनिंग की। दो पॉपुलर स्टार की वापसी और प्रियदर्शन की एक्शन-थ्रिलर फिल्म में वापसी के बावजूद, ओपनिंग उम्मीद से कम रही।
पहले दिन की ऑक्यूपेंसी 11 प्रतिशत रही। शनिवार यानी दूसरे दिन फिल्म ने 2.50 करोड़ रुपये ही कमाए। हालांकि, ऑक्यूपेंसी में मामूली सुधार हुआ और यह लगभग 14 प्रतिशत तक पहुंच गई। वहीं अब तीसरे दिन का कलेक्शन भी सामने आ गया है।
तीसरे दिन कमाए कितने करोड़?
तीसरे दिन फिल्म ने 1.45 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इस तरह फिल्म का अभी तक का कुल कलेक्शन 6.95 करोड़ रुपये हो गया है। इस तरह फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 8.31 करोड़ रुपये हो गया है।
रविवार को आमतौर पर दर्शकों की संख्या अधिक होती है, इसलिए फिल्म को सिनेमाघरों में अपनी पकड़ मजबूत करने का मौका मिलता है। फिल्म के कलाकारों और निर्देशक को लेकर काफी चर्चा होने के बावजूद, पहले सप्ताहांत के आंकड़े अब तक मामूली रहे हैं।
इन फिल्मों से है हैवान की टक्कर
हैवान को सिनेमाघरों में कई फिल्मों से कड़ी टक्कर मिल रही है, जिनमें मिर्जापुर: द मूवी, हनुमान अंश, मंदादी और सरदार 2 शामिल हैं। दर्शकों के सामने कई विकल्प मौजूद होने के कारण, फिल्म के लिए आगे का सफर चुनौतीपूर्ण होने वाला है।