Haryana Morning News : पेमेंट कंपनी से 25.67 करोड़ की साइबर ठगी, IFS अधिकारी सस्पेंड, शिक्षकों को ACP का लाभ देने की समयसीमा तय, कोहरे का अलर्ट, 10 जिलों में रहेगी कम विजिबिलिटी समेत सुबह की बड़ी खबरों पर एक नजर…


Haryana Morning News : हरियाणा में आज सुबह मौसम, साइबर अपराध, सरकारी विभागों और कानून-व्यवस्था से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आई हैं। गुरुग्राम में अवैध व्यावसायिक गतिविधियों पर कार्रवाई हुई है, वहीं फरीदाबाद में पेड़ों की अवैध कटाई के मामले में आईएफएस अधिकारी को निलंबित किया गया है। इसके अलावा प्रदेश में कोहरे को लेकर भी मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है।

1. हरियाणा में कोहरे का अलर्ट, 10 जिलों में रहेगी कम विजिबिलिटी

हरियाणा में सर्दी बढ़ने के साथ मौसम विभाग ने घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। 19 नवंबर को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह और पलवल में सुबह-शाम घना कोहरा छाने की संभावना है। 20 से 22 नवंबर तक कोहरे का असर प्रदेश के 19 जिलों तक पहुंच सकता है। अगले तीन से चार दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री की गिरावट का अनुमान है।

2. गुरुग्राम में 14 इमारतों पर चला प्रशासन का बुलडोजर नहीं, सीधे लगा ताला

गुरुग्राम में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने अवैध व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। डीएलएफ फेज-1 और गोल्फ कोर्स रोड पर 14 रिहायशी इमारतों को सील कर दिया गया। इन इमारतों में बिना अनुमति कॉर्पोरेट ऑफिस, जिम, क्लीनिक, स्पा, बुटीक और शोरूम चलाए जा रहे थे। एक रिहायशी बिल्डिंग में कई मंजिलों पर कोचिंग सेंटर भी संचालित हो रहा था।

3. फरीदाबाद के जंगल में पेड़ों की कटाई का मामला, IFS अधिकारी सस्पेंड

फरीदाबाद के अलीपुर आरक्षित वन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर पेड़ों की अवैध कटाई के मामले में हरियाणा सरकार ने आईएफएस अधिकारी झालकर उयाके को निलंबित कर दिया है। वह फरीदाबाद में उप वन संरक्षक के पद पर तैनात थे। शुरुआती जांच में जंगल से पेड़ों की कटाई और लकड़ी को दूसरे क्षेत्रों में भेजने की बात सामने आई है। अब तक करीब 2,724 क्विंटल लकड़ी बरामद की गई है। सरकार ने मामले में एफआईआर दर्ज करने के निर्देश भी दिए हैं।

4. गुरुग्राम की पेमेंट कंपनी से 25.67 करोड़ की साइबर ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

गुरुग्राम की एक डिजिटल पेमेंट कंपनी के सर्वर में सेंध लगाकर 25.67 करोड़ रुपये निकालने का मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों ने कंपनी के तीन क्लाउड सर्वर तक अनधिकृत पहुंच बनाकर 156 बैंक खातों में 265 ट्रांजेक्शन किए। पुलिस ने इस मामले में पंजाब के लुधियाना से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में 1.5 करोड़ रुपये फ्रीज किए गए हैं। बाकी रकम का पता लगाने के लिए पुलिस बैंक खातों की जांच कर रही है।

5. नूंह में ऑनलाइन सट्टेबाजी के नाम पर साइबर ठगी का नेटवर्क पकड़ा, चार गिरफ्तार

नूंह के पुन्हाना में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी और बेटिंग ऐप के जरिए ठगी करने वाले कथित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छापेमारी कर चार लोगों को गिरफ्तार किया। जांच के मुताबिक आरोपी रोजाना करीब 4 लाख रुपये तक अलग-अलग बैंक खातों में प्राप्त कर आगे ट्रांसफर करते थे। पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, डेबिट कार्ड, चेकबुक और बैंक पासबुक बरामद की हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।

6. हरियाणा में सरकारी शिक्षकों को ACP का लाभ देने की समयसीमा तय, अधिकारियों को चेतावनी

हरियाणा में सरकारी स्कूलों के शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों के एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन (ACP) मामलों के निपटारे के लिए 30 दिन की समयसीमा तय की गई है। स्कूल शिक्षा विभाग ने नई एसओपी लागू की है। इसके तहत पात्र कर्मचारियों के आवेदन HRMS पोर्टल के जरिए तय समय में निपटाने होंगे। देरी करने वाले अधिकारियों का वेतन रोकने और उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है। इससे लंबे समय से ACP लाभ का इंतजार कर रहे कर्मचारियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m  



Source link

Related posts

19 नवंबर, Morning News Headlines: आज सुबह तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से

यूपी बोर्ड रिजल्ट 2027 लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट ( UP Board Result 2027 Latest News in Hindi)

CG Morning News : CM विष्णुदेव साय का बलौदाबाजार दौरा आज… आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मनाएंगी काला दिवस… 299 पदों पर भर्ती के लिए रोजगार मेला