Haryana Morning News : 6 पुलिसकर्मियों पर FIR, शहीद स्मारक दर्शन के लिए आधार कार्ड जरूरी, पेट्रोल पंपों पर लगेंगे ANPR कैमरे समेत सुबह की बड़ी खबरों पर एक नजर….


Haryana Morning News : 16 नवंबर 2026। हरियाणा में आज सुबह कई बड़ी खबरें सामने आई हैं। करनाल में युवक की हिरासत में मौत के मामले में छह पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज हुआ है। यमुनानगर में गन्ने के रेट बढ़ाने की मांग को लेकर किसानों ने धरना शुरू कर दिया है। वहीं अंबाला का शहीद स्मारक आम लोगों के लिए खोल दिया गया है। गुरुग्राम में प्रदूषण की पाबंदियों का असर छोटे उद्योगों पर पड़ रहा है। पढ़ें प्रदेश की सुबह की बड़ी खबरें।

1. करनाल में युवक की मौत पर बवाल, 6 पुलिसकर्मियों पर FIR

करनाल के बिजना गांव के 30 वर्षीय जितेंद्र की कथित हिरासत में मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। परिवार और ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर सड़क जाम कर दी थी। इसके बाद पुलिस ने CIA-2 प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले में न्यायिक जांच भी शुरू हो गई है।

2. गन्ने के रेट 600 रुपये करने की मांग, किसानों ने शुरू किया धरना

यमुनानगर में भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) ने गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर सरस्वती शुगर मिल के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। फिलहाल सरकार ने 2026-27 के पेराई सीजन के लिए गन्ने का भाव 430 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। मिल में 17 नवंबर से पेराई शुरू होने की तैयारी है।

3. अंबाला शहीद स्मारक आम लोगों के लिए खुला, आधार कार्ड जरूरी

अंबाला छावनी स्थित 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम को समर्पित शहीद स्मारक अब आम लोगों के लिए खोल दिया गया है। फिलहाल यहां रोजाना 500 लोगों को प्रवेश दिया जाएगा। 15 नवंबर से 15 दिसंबर तक बुकिंग कराने वाले लोगों के लिए प्रवेश निशुल्क रहेगा। टिकट बुकिंग के लिए आधार कार्ड जरूरी किया गया है। स्मारक में 23 गैलरी हैं।

4. गुरुग्राम में प्रदूषण की पाबंदियों से छोटे उद्योग परेशान, कारोबार पर पड़ रहा असर

गुरुग्राम में प्रदूषण रोकने के लिए लागू GRAP की पाबंदियों का असर छोटे और मध्यम उद्योगों पर पड़ रहा है। उद्योग संचालकों के मुताबिक उत्पादन, सामान की सप्लाई और ऑर्डर समय पर पूरा करने में दिक्कतें आ रही हैं। कारोबारियों का कहना है कि लगातार पाबंदियों से पहले से आर्थिक दबाव झेल रहे उद्योगों की परेशानी बढ़ रही है।

5. बहादुरगढ़ की 87 फैक्ट्रियों की जांच, 76 में मिली गड़बड़ी

झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में प्रदूषण नियमों की जांच के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई है। एनजीटी की टीम ने 87 चलती औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया। इनमें से 76 इकाइयां पर्यावरण से जुड़े नियमों का पालन करती नहीं मिलीं। एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण के बीच यह कार्रवाई औद्योगिक इकाइयों की मुश्किलें बढ़ा सकती है।

6. हिसार में 990 एकड़ जमीन पर बनेगा औद्योगिक केंद्र

हिसार में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने की तैयारी है। जिला प्रशासन ने महाराजा अग्रसेन अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पास करीब 990 एकड़ जमीन नेशनल इंडस्ट्रियल कॉरिडोर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन को सौंप दी है। यहां प्रस्तावित इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर के जरिए उद्योगों और रोजगार के नए अवसर विकसित करने की योजना है।

7. हिसार और हांसी की मंडियों में कपास की आवक 54% बढ़ी

हरियाणा की हिसार और हांसी मंडियों में कपास की आवक में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, इस सीजन में अब तक 30,989 मीट्रिक टन कपास मंडियों में पहुंच चुकी है। पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 20,101 मीट्रिक टन था। इस तरह आवक में करीब 54 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

8. हरियाणा की 2,157 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त घोषित

हरियाणा में टीबी के खिलाफ अभियान के तहत 2,157 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया है। ये पंचायतें राज्य की कुल पंचायतों का करीब 35 प्रतिशत हैं। साल 2025 में इस अभियान के दौरान करीब 25.6 लाख लोगों की स्क्रीनिंग की गई थी। स्वास्थ्य विभाग के लिए यह बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

9. झज्जर में पेट्रोल पंपों पर लगेंगे ANPR कैमरे, वाहनों पर रहेगी नजर

झज्जर जिले में वाहनों की निगरानी और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए पेट्रोल पंपों पर ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे लगाने की तैयारी है। इन कैमरों की मदद से वाहनों की नंबर प्लेट पहचानने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर नजर रखने में मदद मिलेगी।

10. दीपेंद्र हुड्डा ने चुनाव आयोग और BJP पर लगाए गंभीर आरोप

कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा ने हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग और बीजेपी पर मिलीभगत का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि चुनाव में गड़बड़ी की गई थी। वहीं हिसार में बीजेपी नेता कुलदीप बिश्नोई की आदमपुर से कांग्रेस विधायक चंद्रप्रकाश पर की गई टिप्पणी को लेकर भी राजनीतिक विवाद बढ़ गया। छात्रों ने विरोध जताते हुए उनका पुतला जलाया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m  



Source link

Related posts

Haridwar News:गुरुद्वारों में संक्रांति का उल्लास, सुबह से देर रात तक शबद कीर्तन में जुटी संगत – Celebratory Spirit Of Sankranti In Gurdwaras; Devotees Engaged In Shabad Kirtan From Morning Until Late At Night

Una News:ऊना में आज से प्रभात फेरियां शुरू, 23 को निकलेगा नगर कीर्तन – Prabhat Pheris (morning Devotional Processions) Begin In Una Today; ‘nagar Kirtan’ To Be Held On The 23rd

Gurugram News:ठंड की आहत…सुबह कोहरा और शाम को चल रहीं सर्द हवाएं – The Onset Of Winter… Morning Fog And Chilly Winds In The Evening