Jailer 2 Success: तमिल फिल्मों के जाने माने अभिनेता रजनीकांत अभिनीत ‘जेलर 2’ ने रिलीज के दो दिन के भीतर दुनियाभर में बॉक्स ऑफिस पर 210.65 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है।
फिल्म का निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार ने किया है। दिलीपकुमार ने ही 2023 में रिलीज हुई इसकी पहली फिल्म ‘जेलर’ का निर्देशन किया था। ‘जेलर 2’ बृहस्पतिवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। इसका निर्माण कलानिधि ने सन पिक्चर्स के बैनर तले किया है।
फिल्मों की कमाई पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘सैकनिल्क’ के अनुसार, फिल्म ने पहले दिन 125.25 करोड़ रुपये और दूसरे दिन 85.4 करोड़ रुपये की कमाई की। भारत में फिल्म की कुल कमाई 113.65 करोड़ रुपये रही है।
फिल्म का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है। ‘जेलर’ की कहानी रजनीकांत के किरदार मुथुवेल पांडियन के इर्द-गिर्द घूमती है। पांडियन एक सेवानिवृत्त जेलर है, जो नौकरी छोड़ने के बाद अपने परिवार के साथ शांतिपूर्ण जीवन बिताता है लेकिन बाद में मूर्ति तस्करी गिरोह की जांच कर रहा उसका ईमानदार पुलिस अधिकारी बेटा लापता हो जाता है और उसे मृत मान लिया जाता है।
फिल्म में रजनीकांत के अलावा विद्या बालन, एस. जे. सूर्या, राम्या कृष्णन और सूरज वेंजारामूडु भी हैं। इसके अलावा मोहनलाल, शिव राजकुमार और ऋतिक रोशन समेत कई कलाकार विशेष भूमिकाओं में हैं।