जयपुर. राजस्थान में थार का कहर लगातार बढ़ता ही जा रहा है. थार की चपेट में आकर कई परिवार की जिंदगियां उजड़ चुकी है और कई लोग इसके कहर के घायल भी हुए हैं. ताजा मामला राजधानी जयपुर से सामने आया है. जयपुर में सड़क पर साइड देने जैसे मामूली विवाद के बाद करीब आधे घंटे तक हंगामा, मारपीट और तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया गया. खोरा बीसल थाना क्षेत्र में नांगल पुलिया के पास रविवार देर रात थार सवार युवकों ने एक कैब को रोककर चालक और उसके साथ मौजूद परिजनों के साथ मारपीट की. पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने हॉकी-डंडों और पत्थरों से हमला किया, कैब में तोड़फोड़ की और एक युवक पर पिस्तौल तान दी.
जयपुर में ओवरटेक के दौरान साइड नहीं मिलने का विवाद ब्लैक थार सवार युवकों के दबंगई का वीडियो वायरल
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. इस दौरान किसी राहगीर ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और वीडियो तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है. मामला रविवार रात करीब 12 बजे का बताया जा रहा है. बताया जा रहा है कि टैक्सी चालक रजत सिंह अपने मामा, ममेरे भाई और भांजे के साथ निवारू रोड की ओर जा रहा था. इसी दौरान पीछे से एक ब्लैक थार आई. थार चालक ने हॉर्न और डिपर देकर कैब से साइड मांगी. आरोप है कि नांगल पुलिया पार करते समय तत्काल साइड नहीं मिल सकी, जिससे थार में सवार युवक नाराज हो गए.
साइड नहीं मिलने पर थार पर सवार युवकों ने तान दी पिस्टल
बताया जा रहा है कि कुछ दूरी आगे जाने के बाद थार सवार युवकों ने अपनी गाड़ी कैब के आगे लगा दी. अचानक रास्ता रुकने से कैब में बैठे लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही युवकों ने नीचे उतरकर गाली-गलौज शुरू कर दी. विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया. पीड़ित पक्ष का आरोप है कि युवकों ने हॉकी और डंडों से हमला किया. मारपीट के दौरान मामला और गंभीर हो गया. पीड़ितों के मुताबिक, एक युवक ने पिस्तौल निकालकर प्रदीप सिंह पर तान दी. आरोप है कि पिस्तौल के बट से प्रदीप के सिर पर भी वार किया गया. वहीं यश सिंह के सिर पर पत्थर से हमला करने का आरोप लगाया गया है. हमलावरों ने कैब को भी निशाना बनाया और हॉकी-डंडों से गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी.
सड़क पर काफी देर तक चलता रहा हंगामा
सड़क पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा. करीब आधे घंटे तक यह सिलसिला चलता रहा. इस दौरान आसपास मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी का माहौल रहा. इसी बीच किसी व्यक्ति ने मोबाइल से घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया. वायरल वीडियो में कुछ युवक वाहन के पास हंगामा करते दिखाई दे रहे हैं. घटना की सूचना मिलने के बाद खोरा बीसल थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने पीड़ित पक्ष से पूरी जानकारी ली और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया.
वायरल वीडियो की पुलिस कर रही है जांच
पुलिस अब वायरल वीडियो के साथ घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है, ताकि थार सवार युवकों की पहचान की जा सके. फिलहाल पुलिस ने किसी आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. मामले में मारपीट, वाहन में तोड़फोड़ और पिस्तौल तानने के आरोपों की भी जांच की जा रही है. साइड देने को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब पुलिस जांच का विषय बन गया है.
नोट: वायरल वीडियो की पुष्टि न्यूज18 नहीं करता है.