उरई। शहर के बस स्टैंड पर बुधवार को वर्दी में एक पुलिसकर्मी के लड़खड़ाते हुए गिरने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई। पुलिसकर्मी के नशे में होने की चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी ठीक से खड़ा नहीं हो पा रहा है और लड़खड़ाते हुए सड़क किनारे गिरता दिखाई दे रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोग उसके नशे में होने की चर्चा करने लगे। हालांकि, पुलिसकर्मी ने शराब का सेवन किया था या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
वीडियो में दिखाई दे रहे पुलिसकर्मी की पहचान सिपाही लवलेश यादव के रूप में बताई जा रही है। वह कोतवाली की एक चौकी में तैनात बताया गया है। मामले में एक दरोगा का नाम भी सामने आ रहा है। हालांकि, उनकी भूमिका को लेकर पुलिस की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
वर्दी में पुलिसकर्मी के सार्वजनिक स्थान पर इस तरह दिखाई देने से विभाग की कार्यप्रणाली और पुलिसकर्मियों के आचरण को लेकर सवाल उठे हैं। एसपी विनय कुमार सिंह ने बताया कि वीडियो संज्ञान में आया है। मामले की जांच एएसपी से कराई जाएगी और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।