संपूर्णानगर। थाना क्षेत्र के त्रिकोलिया गांव में मंगलवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले एक ग्रामीण को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल ग्रामीण को परिजन पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
त्रिकोलिया गांव निवासी लियाकत अली (47) मंगलवार सुबह टहलने के लिए निकले थे। वह संपूर्णानगर-पलिया मार्ग पर पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे ही थे कि पलिया की ओर से आ रही कार से उन्हें जोरदार टक्कर लग गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आसपास के लोगों ने कार को रोक लिया। इसके बाद परिजन घायल लियाकत अली को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलिया ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और कार को कब्जे में लेकर थाने ले गई। पलिया सीओ शिवम कुमार ने बताया कि मामले में परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।