By: Inextlive | Updated Date: Fri, 30 Oct 2026 19:20:56 (IST)
लखनऊ (ब्यूरो)। अलीगंज और गोमतीनगर एरिया में रहने वाले बिजली चोरों के लिए शुक्रवार की सुबह मुसीबत भरी साबित हुई। दरअसल, उपभोक्ताओं ने रात भर कटिया लगाकर बिजली चलाई और जब तक सुबह कटिया हटाते, तब तक बिजली टीम पहुंच गई और कार्यवाही कर दी। अब बिजली चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
तीन परिसर में पकड़ी गई चोरी
वर्टिकल व्यवस्था के अंतर्गत अधिशासी अभियंता रेड जानकीपुरम क्षेत्र के निर्देशन में सहायक अभियंता व अवर अभियंता रेड तथा प्रवर्तन दल की संयुक्त टीमों के द्वारा बिजली चोरी रोकने व लाइन लास कम करने के लिए मॉर्निंग रेड अभियान चलाया गया। इस अभियान में अलीगंज में चेकिंग की गई, जिस दौरान 19 परिसरों को चेक किया गया, जिसमें तीन परिसरों पर अवैध रूप से बिजली चोरी होते हुए मिली। इसी तरह गोमती नगर क्षेत्र में भी उपकेन्द्र कमता के अंतर्गत इस्माईलगंज क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें 26 उपभोक्ताओं के परिसरों को चेक किया गया। चेकिंग अभियान के दौरान एक उपभोक्ता के द्वारा विद्युत अनाधिकृत/अवैध रूप से उपभोग करते पाया गया।
इन पर हुआ एक्शन
-कुंती देवी, बड़ा चांदगंज, भार 6.875 किलो वाट
-मोहम्मद यूनुस, बनारसी टोला, भार 1.260 किलो वाट
-माधुरी वर्मा बड़ा चांदगंज, भार 3.68 किलो वाट
-नरगिस, चिनहट
ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता पर फोकस
जानकीपुरम एरिया में ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता भी बढ़ाने पर फोकस किया जा रहा है। यहां पर 63 केवीए के ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता बढ़ाई जा रही है। जिसका सीधा लाभ उपभोक्ताओं को मिलेगा। ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता बढ़ने से लाखों उपभोक्ताओं को ट्रिपिंग की समस्या से राहत मिल जाएगी साथ ही लो वोल्टेज की दिक्कत भी सामने नहीं आएगी। विभाग की ओर से यही कदम अन्य इलाकों में भी उठाने की तैयारी की जा रही है, जिससे सभी इलाकों में उपभोक्ताओं को राहत मिले।