Mirzapur News: मड़िहान, हिन्दुस्तान संवाद। स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने मनबढ़ पर पत्नी का अश्लील फोटो वायरल व गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई व जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।एक गांव निवासी पीड़ित ने बताया कि तीन वर्ष पूर्व उसकी शादी हुई है। विवाह से पहले उसकी पत्नी रिश्तेदार की शादी में गई थी। उसी दौरान सोनभद्र जिले के रहने वाला एक सिरफिरा युवक चुपके से पत्नी के साथ कुछ फोटो अपने मोबाइल खींच लिया था। उसी फोटो को आधार बनाकर आरोपी ने पहले भी शादी में अड़चन डालने का प्रयास किया था।
तब ससुराल पक्ष ने मामले की शिकायत अहरौरा थाने में की थी। जिसके बाद आरोपी के मोबाइल से फोटो डिलीट कराई गई।विवाह के बाद सब कुछ ठीक चल रहा था। लगभग 15 दिन पहले आरोपी ने कहीं से पत्नी का नया नंबर हासिल कर लिया और दोबारा परेशान करने लगा। वह दूसरे-दूसरे नंबर से फोन कर पत्नी का अश्लील फोटो वायरल करने और गोली मारने की धमकी दे रहा है। थानाध्यक्ष मड़िहान रविंद्रभूषण मौर्य ने कहाकि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।