वरुण कुमार शर्मा | मुजफ्फरनगर12 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में एसडीएम की बताई जा रही सरकारी गाड़ी में बैठकर हूटर बजाते हुए रील बनाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद बुढ़ाना पुलिस ने शनिवार रात करीब 10 बजे समीर नाम के युवक को गिरफ्तार किया और उसका शांति भंग की धाराओं में चालान किया है।
मामला उस वीडियो से जुड़ा है, जिसमें कुछ युवक बुढ़ाना एसडीएम की बताई जा रही सरकारी गाड़ी में बैठे नजर आए थे। वीडियो में गाड़ी के फ्रंट शीशे पर SDM लिखा दिखाई दे रहा था और हूटर बजने का दृश्य भी नजर आया था। युवकों द्वारा गाड़ी में बैठकर रील बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई थी।
बताया गया था कि वायरल वीडियो मेरठ-करनाल हाईवे का है और करीब एक महीने पुराना है। वीडियो सामने आने के बाद सरकारी वाहन के इस्तेमाल और उसमें बैठकर रील बनाए जाने को लेकर सवाल उठे थे। यह भी चर्चा थी कि आखिर सरकारी वाहन युवकों तक कैसे पहुंचा और उन्हें उसमें बैठकर रील बनाने की अनुमति किसने दी।
वायरल वीडियो में नजर आ रहे युवकों को बुढ़ाना एसडीएम के पूर्व ड्राइवर साजिद के परिवार से जुड़ा बताया गया था। हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रहे सभी युवकों की पहचान और उस समय सरकारी वाहन के इस्तेमाल की परिस्थितियों की पुष्टि नहीं हुई थी।
दैनिक भास्कर डिजिटल ने इस मामले को 12 सितंबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद शनिवार रात बुढ़ाना पुलिस की ओर से कार्रवाई की गई और समीर को गिरफ्तार कर शांति भंग की धाराओं में उसका चालान किया गया।
फिलहाल पुलिस की कार्रवाई समीर के खिलाफ की गई है। वहीं सरकारी वाहन उस समय किसके पास था और युवकों को वाहन का इस्तेमाल करने की अनुमति किस परिस्थिति में मिली, यह सवाल अब भी जांच का विषय है।