Noida News: नोएडा, संवाददाता। भंगेल एलिवेटेड रोड पर युवक-युवतियों के दो पक्षों में मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में तीन युवतियां और चार युवक नजर आ रहे हैं। इसमें दो युवतियां एक युवक के साथ मारपीट करती दिखाई दे रही हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। करीब एक मिनट के वीडियो में तीन युवतियां और चार युवक नजर आ रहे हैं। इसमें दो युवतियां एक युवक के साथ मारपीट करती दिखाई दे रही हैं। वहीं, दो युवक भी आपस में लड़ते नजर आ रहे हैं। एलिवेटेड रोड की दूसरी तरफ खड़े किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
इसके बाद यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया। घटनास्थल सेक्टर-49 और फेज-दो थाना क्षेत्र की सीमा से जुड़ा है। वीडियो सामने आने के बाद जब मामले में पुलिस से जानकारी ली गई तो दोनों थाना पुलिस मामले को दूसरे थाना क्षेत्र का बताती रहीं। इस वजह से कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी।पुलिस का कहना है कि अब तक घटना को लेकर किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली। शिकायत न मिलने के कारण एफआईआर दर्ज नहीं की गई। हालांकि, वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए उसमें दिखाई दे रहे युवक-युवतियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहे युवक-युवतियों के नशे में होने की बात भी कही जा रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
