बॉलीवुड एक्ट्रेस नुसरत भरूचा बाली में एक हादसे का शिकार हो गई हैं, जिसमें उनकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट (स्पाइनल फ्रैक्चर) आई है. काम और छुट्टी बिताने बाली गईं नुसरत को वहां के एक अस्पताल में शुरुआती इलाज के बाद एयर एम्बुलेंस के जरिए मुंबई लाया गया है. जिसका वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल है.
जानकारी के मुताबिक अब मुंबई के ही एक अस्पताल में उनकी रीढ़ की हड्डी की सर्जरी की जाएगी. उनके मुंबई लौटने की कुछ तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें उनकी हालत काफी गंभीर नजर आ रही है.
बाली में हुआ बड़ा हादसा
नुसरत भरूचा काम के साथ-साथ छुट्टियां बिताने के सिलसिले में बाली गई हुई थीं. इसी दौरान वहां एक दुर्घटना में उनकी रीढ़ की हड्डी फ्रैक्चर हो गई, जिसके तुरंत बाद उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. चोट की गंभीरता को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज और सर्जरी के लिए एयर एम्बुलेंस से मुंबई एयरलिफ्ट करने का फैसला लिया गया.
हालांकि, उनके परिवार या टीम ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि यह हादसा असल में कैसे और किन परिस्थितियों में हुआ.
मुंबई पहुंचने के दौरान नुसरत भरूचा की कुछ तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं. इन झलकियों में वह लोगों से बातचीत करती और होश में तो दिख रही हैं, लेकिन उनकी हालत काफी चिंताजनक लग रही है. नुसरत की टीम के मुताबिक, डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनके स्वास्थ्य की देखरेक कर रही है और इसके बाद ही उनकी सर्जरी की तारीख तय की जाएगी.
काम पर पड़ेगा असर, फैंस चिंतित
एक्ट्रेस की टीम ने बयान जारी कर बताया है कि इस गंभीर चोट और आने वाली सर्जरी के कारण नुसरत को ठीक होने में लंबा समय लगेगा. इसके चलते आने वाले दिनों में उनके कई पेशेवर प्रोजेक्ट्स और शूटिंग शेड्यूल्स प्रभावित होंगे.
इस समय वह टाइगर श्रॉफ के साथ फिल्म में काम करने वाली थीं, जिसमें दोनों पहली बार स्क्रीन शेयर करने वाले थे. इससे पहले नुसरत को 5 सितंबर, 2026 को रिलीज हुई कॉमेडी-ड्रामा फिल्म ‘उफ्फ ये सियापा’ में देखा गया था.
—- समाप्त —-