संगत ने गुरबाणी कीर्तन और वाहेगुरु के जाप से माहौल बनाया भक्तिमय
संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से निकाली जा रही प्रभात फेरियों का रविवार को समापन हो गया। अंतिम प्रभात फेरी गुरजंट सिंह और अमनदीप के निवास पर पहुंची। यहां परिवार के सदस्यों ने फूलों की वर्षा कर संगत का स्वागत किया।
इस दौरान गुरबाणी के कीर्तन और वाहेगुरु के जाप से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान जगतार बिल्ला ने बताया कि प्रभात फेरियों में संगत ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया। इनका उद्देश्य गुरु नानक देव जी के संदेशों को घर-घर तक पहुंचाना और लोगों को उनके बताए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाली संगत और सेवा करने वाले गुरजंट सिंह व अमनदीप के परिवार का आभार जताया। उन्होंने बताया कि 24 नवंबर को गुरुद्वारा साहिब में सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक श्री सुखमणि साहिब के पाठ के भोग डाले जाएंगे। इस अवसर पर गुरप्रीत सिंह, नेहा मनचंदा, सुरेंद्र कुमार, रितू अरोड़ा, रेनू कौर, बीरपाल कौर, गीता मनचंदा और परभाष भोला मौजूद रहे।
23