Prayagraj News: नारीबारी स्थित राजकीय होम्यापैथिक चिकित्सालय में कार्यरत एक डॉक्टर का मरीजों से रुपये मांगने का वीडियो वायरल होने के बाद जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. हर्शुल गौतम के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम निरीक्षण के लिए पहुंची। जांच के दौरान चिकित्सालय की आलमारी को खंगाला गया। निरीक्षण टीम ने दवाओं के स्टॉक और ओपीडी में मरीजों की संख्या का मिलान किया। इस दौरान टीम ने वीडियोग्राफी भी की। पिछले दिनों होम्यापैथिक चिकित्सालय के एक डॉक्टर का इलाज के नाम पर पैसे मांगने का एक वीडियो वायरल हुआ था। हालांकि ‘हिन्दुस्तान’ अखबार वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। लेकिन, वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए तीन सदस्यीय जांच टीम गठित कर दी गयी है।
टीम जल्द ही रिपोर्ट देगी। अधिकारियों की टीम जांच के लिए मंगलवार को ही होम्यापैथिक चिकित्सालय पहुंच गयी थी। लेकिन विलंब हो जाने के कारण बुधवार को निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सालय में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया गया कि मरीजों को किसी तरह परेशानी न हो। दवाओं के स्टॉक में कमी नहीं होनी चाहिए।