Raebareli News: परशदेपुर के वीरा पासी चौक पर 5 सितंबर को अमित कुमार दुबे पर हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। रामलाल कोरी ने 100 रुपये मांगे, मना करने पर हमला किया। अमित ने पुलिस में शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। विधायक के हस्तक्षेप से जांच की उम्मीद।
Raebareli News: परशदेपुर (रायबरेली) संवाददाता।नसीराबाद थाना क्षेत्र के वीरा पासी चौक छतोह मोड़ पर सवारी रिक्शा लेकर खड़े युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना से जुड़ा मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ग्राम पूरे चौधरी का पुरवा मजरे सुजवारिया निवासी अमित कुमार दुबे के अनुसार, 5 सितंबर की शाम करीब 5:30 बजे वह नसीराबाद से सवारी रिक्शा लेकर वीरा पासी चौक छतोह मोड़ पर खड़ा था। इसी दौरान ग्राम नई दुनिया निवासी रामलाल कोरी वहां पहुंचे और उससे 100 रुपये की मांग की। अमित के मुताबिक, रुपये मांगने का कारण पूछने पर रामलाल ने कहा कि इस रोड पर चलना है तो गुंडा टैक्स देना पड़ेगा।
रुपये देने से मना करने पर रामलाल ने फोन कर कुछ लोगों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद पहुंचे लोगों ने लोहे की रॉड, पाइप और अन्य हथियारों से अमित के साथ मारपीट की। इसी दौरान हुई मारपीट का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी में कैद हो गया जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि हिन्दुस्तान अखबार नहीं करता। अमित का कहना है कि घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे ही थाने ले गई। उसने पुलिस को लिखित तहरीर देकर घटना की जानकारी दी, लेकिन उसके मुताबिक तत्काल मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। अमित ने पुलिसकर्मियों पर रुपये मांगने की बात भी कही है। उसका कहना है कि रुपये देने के बावजूद उसके खिलाफ ही एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दिया गया। मामले में कार्रवाई न होने पर अमित पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचा, लेकिन वहां भी सुनवाई नहीं होने की बात कही। इसके बाद उसने क्षेत्रीय विधायक से मुलाकात कर अपनी समस्या बताई। अमित के अनुसार, विधायक के हस्तक्षेप के बाद थाने में उसकी शिकायत पर सुनवाई हुई। पीड़ित ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई और अपने विरुद्ध दर्ज मुकदमे की भी निष्पक्ष जांच की मांग की है। वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस की जांच के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।