2024 में रिलीज हुई ‘महाराजा’ का अब एक बड़े हॉलीवुड स्टूडियो द्वारा रीमेक बनाया जा रहा है, जिसके लिए एक A-लिस्ट हॉलीवुड स्टार से बातचीत चल रही है। मैथ्यू मैककोनाघी का नाम भी चर्चा में है, हालांकि अभी ये खबर कनफर्म नहीं हुई है। वहीं, आमिर खान के फिल्म के हिंदी रीमेक राइट्स लेने की खबर भी सामने आ चुकी है।
‘महाराजा’ की कहानी और इसकी सफलता ने रिलीज के बाद से ही फिल्म को लगातार चर्चा में बनाए रखा है। विजय सेतुपति की इस फिल्म को दर्शकों के साथ-साथ क्रिटिक्स से भी शानदार प्रतिक्रिया मिली थी। अब इसके हॉलीवुड रीमेक की खबर सामने आने के बाद फिल्म एक बार फिर सुर्खियों में है। खास बात यह है कि रीमेक के लिए एक बड़े A-लिस्ट हॉलीवुड स्टार से बातचीत चल रही है, जबकि मैथ्यू मैककोनाघी का नाम भी चर्चा में है।
‘महाराजा’ का होगा हॉलीवुड रीमेक
बुधवार को ‘महाराजा’ के मेकर्स ने सोशल मीडिया के जरिए फिल्म के हॉलीवुड रीमेक की ऑफिशियल जानकारी शेयर की। उन्होंने इसे एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि ‘महाराजा’ किसी बड़े स्टूडियो द्वारा हॉलीवुड में बनाई जाने वाली पहली तमिल फिल्म बन गई है। इस खबर के सामने आते ही फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और सोशल मीडिया पर पूरी टीम को बधाइयां मिलने लगीं। निथिलन स्वामीनाथन की यह फिल्म अब तमिल सिनेमा की उस बढ़ती ग्लोबल पहुंच का हिस्सा बन गई है, जहां साउथ की कहानियां भारतीय भाषाओं से निकलकर इंटरनेशनल दर्शकों तक पहुंच रही हैं। ‘महाराजा’ का हॉलीवुड रीमेक बनना फिल्म की सफलता में एक नया अध्याय जोड़ता है। वहीं, मैथ्यू मैककोनाघी के संभावित जुड़ने की खबर ने फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है।
ग्लोबल लेवल पर मिली फिल्म को पहचान
‘महाराजा’ को दुनियाभर में दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। खासकर चीन में फिल्म की सफलता ने इसे इंटरनेशनल मार्केट में भी मजबूत पहचान दिलाई। इसी सफलता के बाद हॉलीवुड रीमेक के लिए एक एजेंसी ने मेकर्स से कॉनटेक्ट किया था। प्रोड्यूसर सुधन सुंदरम के मुताबिक, चीन में फिल्म की सफलता ने इंटरनेशनल मार्केट में इसके रीमेक को लेकर दिलचस्पी बढ़ाई।
क्या मैथ्यू मैककोनाघी होंगे लीड एक्टर?
हॉलीवुड रीमेक को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा मैथ्यू मैककोनाघी के नाम की हो रही है। इस हफ्ते सोशल मीडिया पर ऐसी खबरें सामने आईं कि हॉलीवुड स्टार फिल्म के रीमेक में नजर आ सकते हैं। हालांकि, मेकर्स ने अभी उनके नाम को ऑफिशियली कनफर्म नहीं किया है। प्रोड्यूसर सुधन सुंदरम ने बताया कि रीमेक के लिए एक बड़े A-लिस्ट स्टार से बातचीत चल रही है और शूटिंग अगले साल शुरू होने की उम्मीद है। मैथ्यू के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि संभव है कि मैककोनाघी उन स्टार्स में से एक हों जिनसे बातचीत हो रही है, लेकिन इसकी पुष्टि संबंधित एजेंसी ही कर सकती है।
‘महाराजा’ ने बॉक्स ऑफिस पर भी मचाया था धमाल
जून 2024 में रिलीज हुई ‘महाराजा’ ने बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन किया था। ‘Sacnilk’ के मुताबिक, फिल्म ने भारत में करीब ₹72.43 करोड़ नेट कमाए, जबकि इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब ₹199.20 करोड़ रहा। फिल्म 2024 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तमिल फिल्मों में शामिल रही।
विजय सेतुपति और अनुराग कश्यप की दमदार एक्टिंग
‘महाराजा’ में विजय सेतुपति और अनुराग कश्यप ने लीड रोल निभाए हैं। फिल्म में सचना नमिदास, नट्टी सुब्रमण्यम, ममता मोहनदास समेत कई कलाकार भी नजर आए। विजय सेतुपति और अनुराग कश्यप की एक्टिंग को दर्शकों और क्रिटिक्स से खूब तारीफ मिली। फिल्म की कहानी और इसके ट्रीटमेंट ने भी लोगों का ध्यान खींचा।
क्या है ‘महाराजा’ की कहानी?
फिल्म ‘महाराजा’ की कहानी एक ऐसे पिता के इर्द-गिर्द घूमती है, जो पुलिस स्टेशन पहुंचकर ‘लक्ष्मी’ नाम के एक चोरी हुए डस्टबिन की शिकायत दर्ज कराता है। शुरुआत में पुलिस को मामला बेहद सामान्य लगता है, लेकिन धीरे-धीरे कहानी एक गंभीर और चौंकाने वाले मोड़ पर पहुंचती है। फिल्म की कहानी को इसी वजह से दर्शकों के बीच काफी चर्चा मिली थी।
आमिर खान भी बना रहे हैं हिंदी रीमेक
‘महाराजा’ की कहानी अब सिर्फ हॉलीवुड तक सीमित नहीं रहने वाली है। खबरों के मुताबिक, आमिर खान ने फिल्म के हिंदी रीमेक के राइट्स हासिल कर लिए हैं। यानी विजय सेतुपति की इस चर्चित फिल्म का एक तरफ हॉलीवुड वर्जन देखने को मिलेगा, वहीं दूसरी तरफ बॉलीवुड में भी इसका रीमेक बनने की तैयारी है। हालांकि, दोनों रीमेक को लेकर अभी कई अहम जानकारियों का आधिकारिक अनाउंसमेंट बाकी है।