Ramayana Movie Collection: धनतेरस पर हुई धनवर्षा, 2 दिन में ₹221Cr पार, ‘आदिपुरुष’ और ‘टाइगर 3’ को धोबी पछाड़ – ramayana movie collection worldwide day 2 ranbir kapoor yash film beats prabhas adipurush salman khan tiger 3


रणबीर कपूर, यश और साई पल्‍लवी की ‘रामायणम् पार्ट 1’ बॉक्‍स ऑफिस पर धूम मचा रही है। भगवान राम के महाकाव्‍य पर बनी फ‍िल्‍म पर धनतेरस के द‍िन खूब धनवर्षा हुई है। दो द‍िनों में फ‍िल्‍म ने प्रभास की ‘आद‍िपुरुष’ और सलमान खान की ‘टाइगर 3’ को धोबी पछाड़ दी है।

Ramayana Movie Collection: धनतेरस पर हुई धनवर्षा, 2 दिन में ₹221Cr पार, ‘आदिपुरुष’ और ‘टाइगर 3’ को धोबी पछाड़
न‍ितेश त‍िवारी ​​के डायरेक्‍शन में बनी ‘रामायणम् पार्ट 1’ पर रिलीज के दूसरे दिन भी खूब धनवर्षा हुई है। भगवान राम के महाकाव्‍य पर बनी यह फिल्‍म दो दिनों में ही वर्ल्‍डवाइड ₹221 करोड़ के पार चली गई है। खास बात यह है कि शुक्रवार को धनतेरस का त्‍योहार था, ऐसे में लोग घर के कामकाज और खरीदारी में व्‍यस्‍त थे। लेकिन बावजूद इसके दूसरे दिन फिल्‍म के शोज में औसतन 28.46% सीटों पर दर्शक नजर आए। जबकि रात के शोज में यह संख्‍या बढ़कर 45.31% तक पहुंची। मजेदार बात यह भी कि त्‍योहार की व्‍यस्‍तता के बावजूद देशभर में IMAX 3D शोज करीब-करीब हाउसफुल रहे हैं।

रणबीर कपूर, साई पल्‍लवी और यश स्‍टारर ‘रामायणम्’ दिवाली से तीन दिन पहले रिलीज हुई है। आम तौर पर यह समय फिल्‍मों के लिए कमाई के ल‍िहाज से अच्‍छा नहीं माना जाता। लोग घर के कामकाज और तैयारियों में व्‍यस्‍त रहते हैं। लेकिन बावजूद इसके ‘रामायणम्’ ने पहले दिन कमाई का नया बेंचमार्क सेट किया है। गुरुवार, 5 नवंबर को देश में 25,200 शोज से फिल्‍म ने ₹64.85 करोड़ की नेट कमाई और ₹77.50 करोड़ की ग्रॉस कमाई की। अब दूसरे दिन धनतेरस के कारण फिल्‍म की कमाई में 25.9% की ग‍िरावट दर्ज की गई है। लेकिन फिर भी इस पर मां लक्ष्‍मी की खूब कृपा बरसी है।

‘रामायणम्’ बॉक्‍स ऑफिस कलेक्‍शन

Sacnilk के मुताबिक, दूसरे दिन ‘रामायणम् पार्ट 1‘ ने भारतीय बॉक्‍स ऑफिस पर 23316 शोज से जरिए ₹48.05 करोड़ की नेट कमाई की है। इसमें सबसे अध‍िक ₹35.50 करोड़ की कमाई हिंदी वर्जन से हुई है। जबकि कन्नड़ से ₹5.15 करोड़, तेलुगू से ₹4.75 करोड़, तमिल से ₹1.50 करोड़ और मलयालम से ₹1.15 करोड़ की कमाई हुई है। इसी के साथ भारतीय बॉक्‍स ऑफिस पर दो दिनों में फिल्‍म ने ₹134.80 करोड़ का ग्रॉस कलेक्‍शन और ₹112.90 करोड़ का नेट कलेक्‍शन कर लिया है।

‘रामायणम्’ वर्ल्‍डवाइड कलेक्‍शन

भगवान राम की कहानी को लेकर विदेशों में भी दर्शकों की खूब दिलचस्‍पी दिख रही है। ‘रामायणम्’ ने दूसरे दिन विदेशों में ₹35.00 करोड़ की ग्रॉस कमाई की है। इससे दो दिनों में फिल्‍म का ओवरसीज ग्रॉस कलेक्‍श्‍न ₹86.25 करोड़ हो गया है। देश और दुनिया मिलाकर दो दिनों में फिल्म का टोटल वर्ल्‍डवाइड ग्रॉस कलेक्शन ₹221.05 करोड़ तक पहुंच गया है।

‘रामायणम्’ ने ‘आदिपुरुष’ को दी धोबी पछाड़

हिंदी में कमाई के मामले में ‘रामायणम्’ ने प्रभास की ‘आदिपुरुष’ को पीछे छोड़ दिया। ओम राउत के डायरेक्‍शन में बनी यह फिल्‍म भी महाकाव्‍य रामायण पर बनी थी। ‘आदिपुरुष’ ने पहले दिन हिंदी वर्जन से ₹37.25 करोड़ और दूसरे दिन ₹37.00 करोड़, यानी कुल मिलाकर ₹74.25 करोड़ की नेट कमाई की थी। जबकि ‘रामायणम्’ ने दो दिनों में हिंदी वर्जन से ₹83.00 करोड़ की धुआंधार कमाई की है। अब तक कन्‍नड़ वर्जन से ₹12.40 करोड़, तेलुगू से ₹10.75 करोड़, तमिल से ₹4.10 करोड़ और मलयालम से ₹2.65 करोड़ का नेट बिजनस किया है।

‘टाइगर 3’ ने दूसरे दिन पछाड़ा, पर दो दिनों की कुल कमाई में ‘रामायणम्’ आगे

दिवाली रिलीज के कारण ‘रामायणम्’ की तुलना सलमान खान की ‘टाइगर 3’ से भी होगी। रणबीर कपूर की यह फिल्‍म जहां दिवाली से तीन दिन पहले रिलीज हुई, वहीं साल 2023 में ‘टाइगर 3’ दिवाली के दिन ही रिलीज हुई थी। सलमान खान के स्‍टारडम के बावजूद ‘टाइगर 3’ ने दिवाली के दिन रिलीज होकर भी देश में ₹44.50 करोड़ की ओपनिंग ली थी, जबकि दूसरे दिन इसकी कमाई में ₹59.25 करोड़ रही थी। इस तरह ‘टाइगर 3’ ने दो दिनों में ₹103.75 करोड़ का नेट कलेक्‍शन किया था। यानी ‘रामायणम्’ भले ही दूसरे दिन की कमाई में सलमान की फिल्‍म से पिछड़ गई हो, लेकिन दो दिनों की कुल कमाई में इसने ‘टाइगर 3’ को पछाड़ दिया है।

शनिवार और रविवार को द‍िवाली के कारण घटेगी कमाई

नम‍ित मल्‍होत्रा और यश के प्रोडक्‍शन में बनी ‘रामायणम् पार्ट 1’ का बजट ₹2000 करोड़ है। इस फिल्‍म की कमाई आगे वीकेंड में दिवाली के त्‍योहार के कारण बहुत प्रभावित होने वाली है। शनिवार को छोटी दिवाली और रविवार को दिवाली है। जबकि उसके एक दिन बाद सोमवार को लोग त्‍योहार के बाद की थकावट में होंगे। ऐसे में कमाई अभी बढ़ने की बजाय घटने वाली है। खासकर शाम के शोज में जहां लोग त्‍योहार में व्‍यस्‍त होंगे। फिल्‍म के लिए सबसे अच्‍छी बात यह है कि इसकी खूब तारीफ हो रही है। फिल्‍म के ग्रैंड विजुअल्‍स को बड़े पर्दे पर देखने को लोग विजुअल ट्रीट बता रहे हैं। ऐसे में त्‍योहार के बाद यह मजबूत पकड़ बनाए रखेगी। इसकी सफलता की गारंटी इस बात पर टिकी है कि यह सिनेमाघरों में कितना लंबा चलती है और कितने दमदार तरीके से करोड़ों की कमाई पर अपनी पकड़ बनाए रखती है।

लेखक के बारे मेंस्वपनल सोनलस्वपनल सोनल, नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में असिस्‍टेंट एडिटर हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके पास 14 वर्षों का अनुभव है। वह एंटरटेनमेंट एडिटर के तौर पर सिनेमा और सितारों की दुनिया को कवर कर रहे हैं। उनकी विशेष रुचि मनोरंजन के बदलते स्‍वरूप यानी OTT पर वेब सीरीज, फ‍िल्‍म समीक्षा और बॉक्‍स ऑफिस के आंकड़ों में है। इसके अलावा, स्‍वपनल ने अपने करियर में राजनीति, समसामयिक घटनाओं, टेक्‍नोलॉजी और वायरल ट्रेंड्स जैसी बीट पर भी काम किया है। वह बीते 8 साल से NBT (Digital) के साथ जुड़े हुए हैं। उन्‍होंने जयपुर लिटरेचर फेस्‍टव‍िल और प्रवासी भारतीय सम्‍मेलन की ग्राउंड रिपोर्टिंग की है। वे भारतीय जनसंचार संस्‍थान (IIMC) से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्‍लोमा, और गुरु जम्भेश्वर यूनिवर्सिटी से जनसंचार में स्नातकोत्तर हैं। उन्‍होंने अंग्रेजी साहित्‍य में स्‍नातक की डिग्री ली है।… और पढ़ें





Source link

Related posts

Box Office: ‘रामायण’ का बजा डंका, ‘जेलर 2’ का खेल हुआ खत्म, ‘उड़ता तीर’ ने तोड़ा दम, जानें- फ्राइडे कलेक्शन

Ramayana Box Office Day 3 Live Updates: तीसरे दिन भी ‘रामायण’ की धूम, सुबह 10 बजे तक 120 करोड़ के हुई पार

रामायणम् ने दूसरे ही 200 करोड़ की कमाई की पार, शुक्रवार को बनी नोट छापने की मशीन; UK में बनाया रिकॉर्ड