महेश नगर थाना (ETV Bharat Jaipur file photo)
जयपुर: सोशल मीडिया पर सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा केंद्र का वीडियो वायरल करने का मामला सामने आया है. RPSC अजमेर के अनुभाग अधिकारी ने जयपुर के महेश नगर थाने में FIR दर्ज करवाई है. वायरल वीडियो जयपुर के गंगा विहार कॉलोनी स्थित स्कूल में SI भर्ती परीक्षा केंद्र का बताया जा रहा है. 21 सितंबर को एक अभ्यर्थी ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल किया था. वीडियो में कमरे के व्हाइट बोर्ड, OMR शीट सहित प्रश्न पत्र की रिकॉर्डिंग दिखाई गई थी. साथ ही SI भर्ती परीक्षा केंद्र के कोड, रोल नंबर सीरीज को भी वीडियो में दिखाया गया. वीडियो वायरल होने के बाद RPSC की भर्ती परीक्षा को लेकर सवाल भी उठाए गए हैं.
OMR शीट को मोबाइल से रिकॉर्ड करके दिखाया: एडिशनल डीसीपी जयपुर साउथ (SIUCAW) जिज्ञासा के मुताबिक, SI भर्ती परीक्षा केंद्र के वीडियो वायरल मामले में RPSC अजमेर के अनुभाग अधिकारी की ओर से महेश नगर थाने में FIR दर्ज करवाई गई है, रिपोर्ट में बताया गया है कि सोशल मीडिया पर एक अभ्यर्थी की ओर से RPSC आयोग की 20 सितंबर को आयोजित सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा 2021 के एग्जाम सेंटर का वीडियो बनाकर जारी किया गया है. RPSC की बहु स्तरीय सुरक्षा व्यवस्थाओं को दरकिनार करते हुए परीक्षा केंद्र से संबंधित तथ्यों को वीडियो में दिखाया गया है, वीडियो में एग्जाम सेंटर में क्लास के व्हाइट बोर्ड की रिकॉर्डिंग और प्रश्न पत्र समेत OMR शीट को मोबाइल से रिकॉर्ड करके दिखाया गया है.
पढ़ें: RPSC SI भर्ती परीक्षा 2025 : 4019 अभ्यर्थी साक्षात्कार के लिए अस्थाई रूप से सफल घोषित
एग्जाम के नाम के साथ रोल नंबर भी दिखाई दे रहे: जिज्ञासा के मुताबिक, वीडियो में परीक्षा केंद्र का कोड और एग्जाम के नाम के साथ रोल नंबर भी दिखाई दे रहे हैं, जांच करने पर वीडियो में दिखाई दे रहा कोड के आधार पर परीक्षा केंद्र जयपुर के महेश नगर इलाके में गंगा विहार कॉलोनी स्थित स्कूल का बताया जा रहा है, परीक्षा की गोपनीयता के मद्देनजर वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाए गए तथ्यों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए मामले की जांच की जा रही है.
पढ़ें:RPSC सांख्यिकी अधिकारी परीक्षा: प्रवेश पत्र डाउनलोड लिंक एक्टिव, OMR के लिए मिलेंगे 10 मिनट अतिरिक्त
SI भर्ती का फॉर्म ही नहीं भरा था कैंडिडेट ने: एडिशनल डीसीपी जिज्ञासा के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि किसी कोचिंग सेंटर की टेस्ट सीरीज में एक कैंडिडेट शामिल हुआ था, कोचिंग सेंटर की ओर से टेस्ट सीरीज के लिए 21 सितंबर को महेश नगर इलाके की स्कूल ली गई थी, एक दिन पहले सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा का एग्जाम सेंटर होने के कारण व्हाइट बोर्ड पर लिखा हुआ रह गया था. कैंडिडेट ने व्हाइट बोर्ड और कोचिंग की OMR शीट समेत अन्य का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जांच में यह भी सामने आया है कि वीडियो बनाकर वायरल करने वाले कैंडिडेट ने SI भर्ती का फॉर्म ही नहीं भरा था, फिलहाल पुलिस की ओर से पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है.