उद्योग से अपशिष्ट छोड़े जाने की आशंका, दोषी पाए जाने पर होगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र परवाणू में शनिवार दोपहर हुई तेज बारिश के दौरान नाले में झागदार पानी बहने का वीडियो सामने आया है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि बारिश की आड़ में किसी उद्योग की ओर से अपशिष्ट पानी छोड़ा गया। इसकी सूचना प्रदूषण नियंत्रण विभाग को देने के साथ ही वीडियो भी भेजा गया है।
मामले को लेकर प्रदूषण नियंत्रण विभाग के सहायक अभियंता अनिल कुमार ने बताया कि विभाग के कर्मचारी जांच कर रहे हैं कि यह पानी किस उद्योग की ओर से छोड़ा गया। उन्होंने कहा कि जांच के बाद यदि किसी उद्योग को प्रदूषण फैलाने या नियमों का उल्लंघन करने का दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि प्रदूषण संबंधी मामलों में विभाग की ओर से पूर्व में भी नियमों का उल्लंघन करने वाले उद्योगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। ऐसे में इस मामले में भी अब विभाग की जांच पर नजर रहेगी कि नाले में बह रहा झागदार पानी आखिर कहां से आया।