.
रोह प्रखंड के रतोई गांव निवासी सहायक शिक्षक कौशलेन्द्र कुमार नवीन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। सोमवार सुबह मढ़रा गांव स्थित काली मंदिर के पीछे देवी स्थान के पास उनका शव मिला।
मृतक मध्य विद्यालय बारापाण्डेय में सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। परिजनों ने उनके साथ मारपीट कर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। मृतक के बड़े भाई रामबदन सिंह के अनुसार, कौशलेन्द्र रविवार शाम घर से निकले थे।
वह अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गए थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास और संभावित स्थानों पर खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चला। सोमवार सुबह मढ़रा गांव में देवी स्थान के पास एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर परिजन वहां पहुंचे। शव की पहचान कौशलेन्द्र कुमार नवीन के रूप में हुई। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
किसी के बुलाने पर जाने की बात, पुष्टि नहीं परिजनों के अनुसार, कौशलेन्द्र किसी व्यक्ति के बुलाने पर घर से निकले थे। हालांकि, उन्हें किसने बुलाया था और वह किस काम से बाहर गए थे, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इस बिंदु की भी जांच कर रही है। बड़े भाई रामबदन सिंह ने बताया कि शव देखने पर नाक और मुंह से खून निकला हुआ था तथा माथे पर गहरी चोट का निशान था। इन्हीं परिस्थितियों के आधार पर परिजनों ने मारपीट कर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल के आसपास से बीयर की दो खाली बोतलें और भोजन के पैकेट मिलने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इन वस्तुओं और शिक्षक की मौत के बीच क्या संबंध है, यह जांच का विषय है। प्रभारी सदर एसडीपीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि 21 सितंबर की सुबह करीब 7 बजे रोह थाना को मढ़रा काली मंदिर के पीछे एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी।