Last Updated:
आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की जासूसी कॉमेडी फिल्म ‘उड़ता तीर’ ने सिनेमाघरों में शानदार शुरुआत की है. ओपनिंग वीकेंड पर दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिलने के बाद फिल्म ने शुरुआती तीन दिनों में ही बॉक्स ऑफिस पर बंपर कमाई कर ली है और इसकी रफ्तार लगातार मजबूत बनी हुई है.
आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की नई फिल्म उड़ता तीर सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. इस जासूसी कॉमेडी फिल्म को दर्शकों का काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. पुरानी फिल्मों के दबदबे के बीच इस फिल्म ने अपने पहले वीकेंड पर काफी मजबूत पकड़ बनाई है. आइए जानते हैं कि तीन दिनों में फिल्म ने कितनी कमाई की है.
फिल्म ‘उड़ता तीर’ ने अपने पहले दिन उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया. शुक्रवार को इस फिल्म ने 4.10 करोड़ रुपये के साथ बॉक्स ऑफिस पर खाता खोला. शुरुआत अच्छी मिलने के बाद माउथ पब्लिसिटी का फायदा फिल्म को मिला.
दर्शकों की तारीफों के दम पर शनिवार को इसके कलेक्शन में बड़ा उछाल देखने को मिला. शनिवार को फिल्म की कमाई में भारी बढ़त दर्ज की गई और इसने 7.25 करोड़ रुपये कमाए. वहीं रविवार को वीकेंड का पूरा फायदा उठाते हुए फिल्म ने 8.10 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया.
Add News18 as
Preferred Source on Google
ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करके फिल्म की तारीफ की. उन्होंने बताया कि शनिवार को फिल्म के बिजनेस में 76.83 परसेंट का जबरदस्त उछाल आया था.
बड़े शहरों के मल्टीप्लेक्स में दर्शकों की भीड़ लगातार देखी जा रही है. मुंबई के अलावा बेंगलुरु, कोलकाता, जयपुर, हैदराबाद, पुणे और चेन्नई में भी थिएटर्स में बहुत अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है.
‘उड़ता तीर’ से आकाश ए कौशिक ने बतौर डायरेक्टर अपना डेब्यू किया है. फिल्म की कहानी एक पाकिस्तानी जासूस के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका रोल आयुष्मान खुराना ने निभाया है. एक धमाके में उसकी याददाश्त चली जाती है और वह खुद को भारतीय अफसर मानने लगता है.
फिल्म में आयुष्मान और सारा के अलावा कई बेहतरीन एक्टर्स हैं. राहुल बोस, राम कपूर, सुहेल नय्यर, गुलशन ग्रोवर और रघुवीर यादव जैसे सितारों ने भी अहम रोल निभाए हैं. अब देखना होगा कि वीकडेज में यह फिल्म अपनी रफ्तार कैसे बनाए रखती है.