1994 में रिलीज हुई सलमान खान और आमिर खान की फिल्म ‘अंदाज अपना अपना’ बॉक्स ऑफिस पर इन 5 वजहों के चलते हुई थी फ्लॉप। जानिए इस कल्ट क्लासिक फिल्म के फ्लॉप होने के पीछे के कारण।
हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के लिए साल 1994 बहुत खास था। ये वही साल था जब सलमान खान, अक्षय कुमार, अनिल कपूर जैसे एक्टर्स ने अपने करियर की बेस्ट फिल्में दी थीं। साथ ही इस साल थिएटर में एक्शन, कॉमेडी, रोमांस से भरी फिल्मों का तड़का देखने को मिला था। इसी साल रिलीज हुई सलमान खान और आमिर खान की फिल्म ‘अंदाज अपना अपना’। आज इस फिल्म को कल्ट क्लासिक कॉमेडी फिल्म माना जाता है। अमर, प्रेम, मास्टर गो गो जैसे किरदार हिंदी सिनेमा में अब हमेशा के लिए छप गए हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं ये फिल्म उस साल की सबसे बड़ी फ्लॉप फिल्मों में शामिल थी? जानिए इस फिल्म के फ्लॉप होने के 5 बड़े कारण-
साल 1994 की फिल्में
साल 1994 में सलमान खान और माधुरी दीक्षित की फिल्म ‘हम आपके हैं कौन’, अक्षय कुमार और रवीना टंडन की फिल्म ‘मोहरा’ ने बॉक्स ऑफिस हिला दिया था। इसके अलावा गोविंदा की ‘राजा बाबू’,, अजय देवगन की ‘विजयपथ’ और नाना पाटेकर की ‘क्रांतिवीर’ ने ऑडियंस के बीच अपनी पहचान बनाई थी। इसी साल डायरेक्टर राज कुमार संतोषी के डायरेक्शन में आई फिल्म ‘अंदाज अपना अपना रिलीज हुई थी। जब भी कॉमेडी फिल्मों का नाम लिया जाता है तो ये फिल्म जरूर शामिल होती है। लेकिन आज की ये क्लासिक कॉमेडी फिल्म उस दौर में इन 5 कारणों के चलते फ्लॉप हो गई थी।
- रिलीज में देरी
राज कुमार संतोषी ने सलमान खान, आमिर खान, रवीना टंडन और करिश्मा कपूर के साथ साल 1990 में ही फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी थी। लेकिन इसे बनने से लेकर रिलीज होने में 3 साल से ज्यादा का समय लग गया था। इसका अंदाजा आप फिल्म में सलमान खान के बदलते लुक से भी लगा सकते हैं। खुद डायरेक्टर राजकुमार संतोषी ने फिल्म के फ्लॉप होने की एक वजह रिलीज में देरी मानी थी। इसके अलावा फिल्म की शूटिंग के दौरान लीडिंग एक्टर्स में बातचीत नहीं हो रही थी। डायरेक्टर ने मुश्किलों से चारों एक्टर्स के साथ फिल्म की शूटिंग पूरी की।
2. प्रमोशन में कमी
90 के दशक में फिल्मों के प्रमोशन पर ध्यान दिया जाता था। महीने भर पहले से फिल्म के प्रमोशन के लिए बड़े पोस्टर और अखबार, मैगज़ीन में उनके बारे में छपना शुरू हो जाता था। लेकिन फिल्म अंदाज अपना अपना के साथ ये नहीं हुआ था। कुछ ही हफ्ते प्रोमोशन के मिले थे। राजकुमार संतोषी ने अपने एक इंटरव्यू में बताया था कि प्रमोशन के दौरान न तो सलमान मौजूद थे और न ही आमिर। वो खुद भी शहर में नहीं थे। फिल्म का जिस हिसाब का प्रमोशन होना था, वैसा नहीं हुआ।
3. म्यूजिक में दम नहीं
1994 ये वो साल था जब फिल्म ‘हम आपके हैं कौन’ और फिल्म ‘मोहरा’ के गानों की धूम थी। अक्षय कुमार और रवीना टंडन का गाना ‘तू चीज बड़ी है मस्त मस्त’ लोगों की जुबान पर चढ़ा हुआ था। गोविंदा की फिल्म ‘राजा बाबू’ के गानों ने भी कमाल किया था। फिल्म ‘अंदाज अपना अपना’ के गानों को उतना पसंद नहीं किया गया।
4. अपने समय से आगे की फिल्म
फिल्म ‘अंदाज अपना अपना’ अपने समय से बहुत आगे थी। फिल्म में कई ऐसे जोक्स थे जिसपर आज की ऑडियंस ठहाके लगाकर हंसती है। उस समय के विलेन इस फिल्म में कॉमेडी कर रहे थे। उस समय की ऑडियंस के लिए ये सब नया था इसलिए फिल्म को स्वीकार नहीं किया गया। जब तक फिल्म ऑडियंस को पसंद आती तब तक मेकर्स ने इसे होम वीडियो पर रिलीज कर दिया था।
5. दूसरी फिल्मों की वजह से बिजनेस पर बुरा असर पड़ा
1994 में कई शानदार फिल्में रिलीज हो चुकी थी। कॉमेडी के मामले में गोविंदा की फिल्म ‘राजा बाबू’ पहले ही छाप छोड़ चुकी थी। ऐसे में अंदाज अपना अपना पिछड़ गई। फिल्म का लाइफटाइम कलेक्शन 5 करोड़ तक रहा था। ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बेशक फ्लॉप हुई हो। लेकिन समय के साथ ये कल्ट क्लासिक बनती गई।
