‘बिग बॉस 20’ से एविक्शन के बाद ईशा रिखी ने पहला पोस्ट किया है। अपने इमोशनल नोट में उन्होंने फैंस से माफी मांगी है। दूसरी ओर, एक्स-वाइफ के एविक्शन के ठीक बाद बादशाह ने एक वीडियो शेयर किया, जिसे यूजर्स ईशा पर तंज समझ रहे हैं। इसके बाद लोगों ने बादशाह की क्लास लगा दी है।
बुधवार 30 नवंबर को ईशा रिखी ने इंस्टाग्राम पर ‘बिग बॉस 20’ से बाहर होने के बाद अपना पहला पोस्ट शेयर किया। वह लिखती हैं, ‘बिग बॉस हाउस के अंदर तीन हफ्ते, जिनमें बहुत सारे इमोशन्स, अनुभव, चुनौतियां, हंसी, आंसू और ऐसी यादें रहीं जो हमेशा मेरे साथ रहेंगी। वापस आने पर मुझे एहसास हुआ कि आपका प्यार और सपोर्ट मेरे लिए कितना मायने रखता है। हर उस इंसान का शुक्रिया जिसने मेरा साथ दिया, मुझ पर भरोसा किया, मेरा हौसला बढ़ाया, और उनका भी जिन्होंने मेरा सपोर्ट नहीं किया।’
ईशा रिखी का एविक्शन के बाद पहला पोस्ट
ईशा रिखी आगे लिखती हैं, ‘मैं हर राय, हर मैसेज और हर उस इंसान की शुक्रगुजार हूं जो किसी न किसी तरह इस सफर का हिस्सा रहे। पिछले कुछ हफ्ते मेरे लिए आसान नहीं थे। मैं कई बार इमोशनली टूट गई, ऐसे पल भी आए जब मुझे अपनी बात कहने में मुश्किल हुई और कई बार शायद मैं वैसी नहीं दिख पाई जैसी मैं दिखना चाहती थी। मुझे पता है कि मैंने शायद आप में से कुछ लोगों को निराश किया होगा और अगर ऐसा हुआ है, तो मुझे सच में बहुत अफसोस है।’
ईशा रिखी बोलीं- अभी भी सबकुछ समझने की कोशिश कर रही
अपने नोट के आखिर में 33 साल की ईशा रिखी लिखती हैं, ‘मैं अभी भी सबकुछ समझने और खुद को बेहतर ढंग से जानने की कोशिश कर रही हूं। इस पूरे अनुभव को एक सीख की तरह ले रही हूं। लेकिन एक बात जो मैं आप सभी को बताना चाहती हूं, वह यह है कि मैंने आपका प्यार महसूस किया, भले ही मैं खुद ज्यादा कुछ कह नहीं पाई। यह मेरे लिए शब्दों से कहीं ज्यादा मायने रखता है। मेरे साथ खड़े रहने, मुझे समझने और लगातार मेरा साथ देने के लिए आपका शुक्रिया। मैं सच में बहुत आभारी हूं।’
ईशा रिखी के ‘बिग बॉस 20’ से बाहर होने के बाद बादशाह का वीडियो
दूसरी ओर, शो से ईशा के ‘बेघर’ होने के कुछ ही समय बाद, 40 साल के बादशाह ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया। उन्होंने कहा, ‘आप लोग कैसे हैं? मैं बस आप सभी के प्यार, आशीर्वाद और सपोर्ट के लिए शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। बस इतना ही, मैं इस पल का इस्तेमाल आप सभी के प्रति अपना आभार जताने के लिए कर रहा हूं। माफ करना, मेरे गले में खराश है। मेरी तबीयत ठीक नहीं है, लेकिन मैं आप लोगों से बहुत प्यार करता हूं।’
यूजर्स ने बादशाह को कोसा- ये बचकानी हरकत, उम्मीद नहीं थी
बादशाह के इस वीडियो को सोशल मीडिया यूजर्स ईशा रिखी के एविक्शन से जोड़कर देख रहे हैं। ऐसा इसलिए भी हाल के दिनों में वर्कफ्रंट ऐसा कुछ नहीं हुआ, जिसके लिए बादशाह इस तरह फैंस का शुक्रिया अदा करें। एक यूजर ने लिखा है, ‘क्या ये ईशा के एविक्शन पर था?’ एक दूसरे यूजर ने लिखा है, ‘यह बचकानी हरकत है, बादशाह से ये उम्मीद बिल्कुल नहीं थी।’ एक तीसरे यूजर ने भी ईशा के सपोर्ट में लिखा, ‘यदि आप किसी का अच्छा नहीं सोच सकते, तो कम से कम उसकी हार पर खुश तो मत हो।’
ईशा ने कनिका से कहा था- फिजिकल, इमोशनल, सोशल धोखा मिला
बहरहाल, ‘बिग बॉस 20’ में जाने से ठीक एक हफ्ते पहले, ईशा रिखी और बादशाह ने अलग होने की घोषणा करते हुए एक साझा बयान जारी किया था। शो के दौरान भी ईशा ने दावा किया कि उन्हें बादशाह की तरफ से इमोशनल, फिजिकल और सोशल धोखे का सामना करना पड़ा। कनिका मान के साथ बातचीत के दौरान ईशा ने कहा था, ‘जब रिश्ता खत्म होता है, तब आपको एहसास होता है कि आपके साथ पूरे समय खेल खेला जा रहा था।’ इस पर जब कनिका ने पूछा कि उन्हें किस तरह का धोखा मिला, क्या यह फिजिकल, इमोशनल या सोशल था? तो ईशा ने जवाब दिया, ‘ये सभी।’
ईशा रिखी ने इशारों में बताया था तलाक का कारण
ईशा रिखी ने कनिका संग बातचीत में यह भी कहा कि रिश्ते में ‘बीच में लटके रहना बहुत टॉक्सिक होता है।’ वह आगे बोलीं, ‘यह ऐसा है जैसे मैं आपको यकीन दिलाऊं कि आप मेरे सबसे अच्छे दोस्त हैं। मैं आपके साथ अपने सबसे अच्छे दोस्त जैसा व्यवहार कर रही हूं। आपको अपने सबसे अच्छे दोस्त की तरह जगहों पर ले जा रही हूं, लेकिन फिर आपको पता चलता है कि आप असल में कभी मेरे सबसे अच्छे दोस्त थे ही नहीं। इसमें अलग बात यह है कि मैं यह सब एक खास दायरे में, प्राइवेट तौर पर कर रही हूं, न कि दुनिया के सामने। मैं बस कुछ लोगों के सामने ही आपको अपना सबसे अच्छा दोस्त बता रही हूं।’
4 साल डेटिंग के बाद ईशा और बादशाह की शादी, 5 महीने में तलाक
रैपर बादशाह और एक्ट्रेस ईशा रिखी ने मार्च 2026 में गुपचुप तरीके से एक बेहद प्राइवेट समारोह में शादी की। इसके ठीक पांच महीने बाद, 31 अगस्त 2026 को दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने की घोषणा की। बताया जाता है कि बादशाह और ईशा रिखी की मुलाकात 2021 में एक पार्टी में कॉमन दोस्तों के जरिए हुई थी। दोनों ने करीब चार साल एक-दूसरे को डेट किया। बादशाह ने शादी के बाद कोई ऐसी तस्वीरें पोस्ट नहीं की और न ही इस बारे में पब्लिकली कुछ कहा। दूसरी ओर, ईशा रिखी और उनके परिवार ने तस्वीरें शेयर कीं और बाद में जून 2026 में इंस्टाग्राम पर ही ‘आस्क मी एनिथिंग’ सेशन के दौरान शादी की पुष्टि की।