ऋतिक रोशन की LACMA Gala में पहली एंट्री, हॉलीवुड सितारों के बीच दिखा भारतीय सिनेमा का जलवा


बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन ने अंतरराष्ट्रीय मनोरंजन जगत के प्रतिष्ठित समारोह में भारत की मौजूदगी दर्ज कराई है। हॉलीवुड के बड़े सितारों के बीच उनकी एंट्री खास रही, क्योंकि वह इस आयोजन में पहुंचने वाले पहले मेनस्ट्रीम भारतीय अभिनेता बन गए हैं।

ऋतिक रोशन 7 नवंबर को अमेरिका के लॉस एंजिलिस में आयोजित 15वें LACMA Art + Film Gala में शामिल हुए। कला, सिनेमा और फैशन जगत की हस्तियों से सजे इस कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी ने भारतीय फिल्म उद्योग का ध्यान अंतरराष्ट्रीय मंच पर खींचा।

इस समारोह में ऋतिक को भारतीय मूल की निर्माता और वेंचर कैपिटलिस्ट कविता गुप्ता ने होस्ट किया। वह इंटरनेशनल एमी बोर्ड की सदस्य भी हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय रचनात्मक प्रतिभाओं को बढ़ावा देने से जुड़ी रही हैं।

रेड कार्पेट पर ऋतिक का अंदाज

समारोह के लिए ऋतिक ने इटली के लग्जरी फैशन ब्रांड ब्रुनेलो कुचिनेली का कस्टम टक्सीडो पहना। उन्होंने अपने लुक को क्लासिक और फॉर्मल रखा। रेड कार्पेट पर पहुंचने के दौरान अभिनेता ने फोटोग्राफरों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। उनकी तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इस उपस्थिति की चर्चा हुई। अंतरराष्ट्रीय समारोह में भारतीय अभिनेता के तौर पर उनकी भागीदारी को खास उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

डिकैप्रियो, किडमैन और किम कार्दशियन भी शामिल

15वें LACMA Art + Film Gala में हॉलीवुड और फैशन जगत की कई चर्चित हस्तियां पहुंचीं। इनमें लियोनार्डो डिकैप्रियो, टॉम हैंक्स, टिमोथी शैलमे, निकोल किडमैन, एंड्रयू गारफील्ड और आन्या टेलर-जॉय शामिल थे। किम कार्दशियन और काइली जेनर ने भी समारोह में शिरकत की। इसके अलावा संगीत जगत से BLACKPINK की रोजे और एस्पा की निंगनिंग भी मेहमानों में शामिल रहीं। समारोह की सह-अध्यक्षता लियोनार्डो डिकैप्रियो और LACMA ट्रस्टी ईवा चाउ ने की। यह आयोजन कला और फिल्म के बीच संबंधों को प्रोत्साहित करने के साथ रचनात्मक क्षेत्रों में योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित करने के लिए आयोजित किया जाता है।

डेनिस विलेन्यूव और वीजा सेलमिन्स को सम्मान

इस साल के समारोह में फिल्म निर्देशक डेनिस विलेन्यूव और विजुअल आर्टिस्ट वीजा सेलमिन्स को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। डेनिस विलेन्यूव को ‘ड्यून’ और ‘ड्यून: पार्ट टू’ जैसी फिल्मों के निर्देशन के लिए अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। वहीं, वीजा सेलमिन्स दृश्य कला के क्षेत्र में अपने काम के लिए जानी जाती हैं। LACMA Art + Film Gala एक वार्षिक चैरिटी आयोजन है। इससे जुटाई गई राशि संग्रहालय की प्रदर्शनियों, कलाकृतियों के संग्रह, फिल्म संबंधी गतिविधियों और शैक्षणिक कार्यक्रमों को सहयोग देने में इस्तेमाल की जाती है।



Source link

Related posts

ब्लूज़ गिटार ने उस लड़के को गायन मंडली से हॉलीवुड तक पहुँचा दिया।

जिसू (ब्लैकपिंक) ने हॉलीवुड एजेंसी डब्ल्यूएमई के साथ अनुबंध पर हस्ताक्षर किए।

हॉलीवुड की 10 क्लासिक और कल्ट फिल्में, जो Gen Z को ज़रूर देखनी चाहिए – gen z 10 cult classic movies watchlist cult classic movies of hollywood godfather