अस्पताल में मौजूद परिजन (ईटीवी भारत)
गुमला: जिले के डुमरी कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की छात्राओं के बीमार पड़ने से विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है. लगभग 30 छात्राओं में सर्दी, खांसी और बुखार जैसे लक्षण सामने आने के बाद मंगलवार रात इलाज के लिए सीएचसी डुमरी लाया गया. आवासीय विद्यालय में बड़ी संख्या में छात्राएं एक साथ रहकर पढ़ाई करती हैं. ऐसे में कई छात्राओं में एक साथ बीमारी के लक्षण सामने आने के बाद संक्रमण को लेकर भी चिंता बनी हुई है.
बीमार छात्राओं को सीएचसी डुमरी पहुंचाए जाने के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्वास्थ्य जांच की. जांच के दौरान छात्राओं में मुख्य रूप से सर्दी, खांसी और बुखार जैसे लक्षण पाए गए. कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय सीएचसी डुमरी के नजदीक है. बावजूद बीमार छात्राओं को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध नहीं ही सकी. मजबूरी में छात्राओं को दूसरे माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया. जिसको लेकर परिजनों ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े किए.
डॉक्टर ने की वायरल फीवर होने की पुष्टि
सीएचसी डुमरी के चिकित्सक डॉ अलबेल केरकेट्टा ने बताया कि अस्पताल लाई गई छात्राओं की स्वास्थ्य जांच की गई है. जांच के बाद प्रथम दृष्टया छात्राओं में वायरल फीवर के लक्षण पाए गए हैं. उन्होंने बताया कि मौसम में बदलाव और बरसात के दौरान संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है. छात्राओं को पर्याप्त आराम करने, साफ पानी पीने और चिकित्सकों की सलाह के अनुसार दवा लेने की बात कही.
विद्यालय शिक्षिका ने दी जानकारी
शिक्षिका दिव्या स्वर्णा टोप्पो ने बताया कि छात्राएं आवासीय विद्यालय में एक साथ रहती हैं और पढ़ाई करती हैं. ऐसे में किसी एक छात्रा में वायरल संक्रमण होने पर संपर्क के कारण अन्य छात्राओं में भी संक्रमण फैलने की आशंका बनी रहती है. ऐसे में संक्रमण फैलने की आशंका को देखते हुए बीमार छात्राओं को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी लाया गया है.
विद्यालय की शिक्षिका दिव्या स्वर्णा टोप्पो ने बताया कि बरसात के मौसम के कारण वायरल फीवर फैल रहा है. उन्होंने कहा कि यदि एक बच्ची इसकी चपेट में आती है तो धीरे-धीरे दूसरी बच्चियों में भी इसके लक्षण दिखाई देने लगते हैं. उन्होंने बताया कि फिलहाल छात्राओं में सर्दी, खांसी और बुखार की शिकायत है. बीमार छात्राओं की डॉक्टरों द्वारा देखा जा रहा है और जांच के बाद आवश्यक इलाज की जाएगी.
ये भी पढ़ें: बोकारो में बाल सुधार गृह हॉस्पिटल में तब्दील, दो को भेजा सदर अस्पताल! जानें, क्या है माजरा
चूहा फैला रहा है खतरनाक संक्रमण! जानें क्या हैं लेप्टोस्पायरोसिस के लक्षण
