Bigg Boss 20 highlights: ‘बिग बॉस 20’ के घर में जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ रहे हैं, दोस्ती और समीकरणों का खेल पूरी तरह बदलता नजर आ रहा है। 23वें दिन के एपिसोड में राशन, लाइफलाइन और नॉमिनेशन की ऐसी आंधी आई कि कई मजबूत रिश्ते बिखरते दिखे। एक तरफ कैप्टन गुल्लू यानी कुशल तंवर के सामने पूरे घर के राशन और कंटेस्टेंट्स की लाइफलाइन का बड़ा धर्मसंकट खड़ा हुआ, तो दूसरी तरफ चैंपियन बॉक्सर मैरी कॉम ने अपनी लव लाइफ और प्रियंका चोपड़ा वाली बायोपिक पर ऐसा खुलासा कर दिया, जिसे सुनकर हर कोई सन्न रह गया।
दिल से कभी प्यार नहीं हुआ: मैरी कॉम का छलका दर्द| Bigg Boss 20 highlights
एपिसोड का सबसे भावुक और चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब काजी ने फुर्सत के पलों में मैरी कॉम से उनकी निजी जिंदगी के बारे में पूछा कि क्या उन्हें कभी सच्चा प्यार हुआ था? इस पर मैरी कॉम ने बड़ी बेबाकी से जवाब दिया कि उनकी जिंदगी में कई घटनाएं घटीं, लेकिन दिल की गहराइयों से उन्हें कभी प्यार का अहसास नहीं हो पाया। उनकी पूरी जिंदगी सिर्फ और सिर्फ जिम्मेदारियों और खेल के इर्द-गिर्द घूमती रही।
इसके बाद जब अमन ने पूछा कि प्रियंका चोपड़ा वाली बॉलीवुड बायोपिक उनकी असल जिंदगी से कितनी मेल खाती है, तो मैरी कॉम ने कहा कि पर्दे पर जो दिखा, वो असल जिंदगी में उनसे काफी अलग था। फिल्म में उनके असली संघर्ष का बेहद छोटा सा हिस्सा ही दिखाया गया है।
‘काजी से नफरत है…’ रीति और उदिती की बातचीत से बिगड़े समीकरण
दिन की शुरुआत ‘डिस बैटल’ टास्क के बाद की तल्खी मिटाने से हुई। रीति तिवारी ने उदिती सिंह के पास जाकर अपने बर्ताव के लिए माफी मांगी और साफ किया कि उनका गुस्सा उदिती पर नहीं बल्कि काजी पर था। रीति ने दो टूक शब्दों में कहा कि उन्हें काजी से जलन नहीं, बल्कि ‘प्योर नफरत’ है। साथ ही रीति ने उदिती को चेताया कि माही विज, काजी, अरिश्फा खान और अमन के ग्रुप में उनकी अपनी पहचान दब गई है। इस बीच, पुराने दोस्त आसिफ खान और यंग डीएसए के बीच भी ‘गैंग’ शब्द को लेकर तीखी बहस देखने को मिली।
कैप्टन गुल्लू का दांव और 2X रूम का रहस्य
दूसरी बार घर के कप्तान बने कुशल तंवर (गुल्लू) को बिग बॉस ने कड़ा फैसला लेने को कहा या तो वे 120% राशन लें और किसी को लाइफलाइन न दें, या फिर 80% राशन के साथ नॉमिनेटेड साथियों को बचाएं। गुल्लू ने चतुराई दिखाते हुए 80% राशन चुना और उदिती सिंह व कनिका मान की लाइफलाइन बहाल कर दी। इसके साथ ही घर में ‘2X रूम’ का दूसरा दरवाजा भी खुल गया, जिसने घरवालों के बीच सस्पेंस और बढ़ा दिया।
10 मिनट का अल्टीमेटम और नॉमिनेशन का महा-ड्रामा
हफ्ते के नॉमिनेशन टास्क ने घर में असली तूफान खड़ा किया। बिग बॉस ने घरवालों को दो-दो की जोड़ियों में बांटा और 10 मिनट के भीतर आपसी सहमति से किसी एक को नॉमिनेट करने का फरमान सुनाया। शर्त यह थी कि अगर फैसला नहीं हुआ, तो दोनों ही सदस्य सीधे डेंजर जोन में चले जाएंगे:
- रीति और आम्रपाली: दोनों अपनी-अपनी जिद पर अड़ी रहीं, नतीजा यह हुआ कि दोनों सीधे नॉमिनेट हो गईं।
- माही विज और अरिश्फा खान: माही ने बड़प्पन दिखाया। उन्होंने कहा कि अरिश्फा की फैन फॉलोइंग बहुत मजबूत है और जनता उन्हें बचा लेगी, इसलिए माही ने खुद को नॉमिनेट कर लिया।
- आसिफ और स्काउट ओपी: आपसी समझदारी दिखाते हुए स्काउट ओपी ने खुद को नॉमिनेशन में डाल दिया।
- काजी और उदिती: 10 मिनट तक सिर्फ तू-तू मैं-मैं चली और कोई नतीजा न निकलने पर दोनों ही लपेटे में आ गए।
- अमन और कनिका मान: यहां दोनों का ईगो टकराया और सहमति न बनने के चलते दोनों डेंजर जोन में पहुंच गए।
लव, मैरी कॉम और यंग डीएसए भी इस चक्रव्यूह में उलझते दिखे। कुल मिलाकर, 23वें दिन के ड्रामे ने दिखा दिया कि बिग बॉस के घर में राशन और नॉमिनेशन के आगे कोई भी रिश्ता टिक नहीं पाता।
