तेलुगु सुपरस्टार जूनियर एनटीआर ने बॉलीवुड एक्ट्रेस जान्हवी कपूर के साथ भी काम किया है. दोनों को 2024 की फिल्म ‘देवरा: पार्ट 1’ में देखा गया था. दोनों की इस फिल्म का गाना ‘चुट्टामल्ले’ काफी पॉपुलर हुआ था. हाल ही में इस गाने पर जान्हवी और जूनियर एनटीआर का एक AI द्वारा बनाया गया वीडियो चर्चा में है, जिस पर अभिनेता ने प्रतिक्रिया दी है और उन्होंने सोशल मीडिया पर भड़कते हुए इसे बनाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए कहा है.
जान्हवी संग AI वीडियो वायरल होने पर भड़के जूनियर NTR
जूनियर एनटीआर अपने और जान्हवी कपूर के एआई वीडियो पर बुरी तरह आगबबूला हुए. अभिनेता ने इस मामले पर एक्स पर एक पोस्ट करके प्रतिक्रिया दी है और साफ़-साफ़ कहा कि इस घटिया और शर्मनाम हरकत के लिए वो किसी को भी नहीं बख्शेंगे. एक्टर ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘घिनौना, बीमार मानसिकता वाला और बेशर्म.’
‘किसी को भी नहीं बख्शूंगा…’
जूनियर एनटीआर आगे लिखते हैं, ‘जिस देश में महिलाओं को देवी के रूप में पूजा जाता है, जहां ‘मातृदेवो भव’ सिर्फ एक कहावत नहीं है, बल्कि हमारी संस्कृति का हिस्सा है, वहां कुछ घटिया लोग इतने नीचे गिर गए कि एक महिला का एआई वीडियो बनाकर अपमान किया जा रहा है. जो भी घटिया लोग इस मॉर्फ्ड ‘चुट्टमल्ले’ वीडियो के पीछे है मैं उन्हें बख्शूंगा नहीं.’
Disgusting, Sick and Shameless.
In a land that worships women as mothers and goddesses, where “Matrudevo Bhava” is not just a phrase but a part of our culture, some people have fallen so low that they are using AI to disrespect a woman in the most degrading way possible. Using…
— Jr NTR (@tarak9999) October 3, 2026
कानूनी कार्रवाई करेंगे जूनियर एनटीआर
अभिनेता ने आगे लिखा, ‘इस वीडियो को बनाने और इसे वायरल करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करूंगा.’ उन्होंने आगे लोगों से अपील की है कि इस तरह के कंटेंट को न देखें, न ही शेयर करें और न इस पर कोई रिएक्शन दे. एक्टर आगे लिखते हैं, ‘ये कल आपकी मां-बहन और पत्नी-बेटी के साथ भी हो सकता है.’ आगे उन्होंने सरकार से अपील की कि AI के गलत इस्तेमाल के खिलाफ कड़े कदम उठाकर कानून बनाया जाए.
‘चुट्टमल्ले’ गाने के बारे में
बता दें कि जूनियर एनटीआर और जाह्नवी कपूर स्टारर ‘देवरा: पार्ट 1’ में सैफ अली खान विलेन बने थे. फिल्म तो ज्यादा पसंद नहीं की गई थी, लेकिन इसका गाना ‘चुट्टमल्ले’ चर्चा में रहा था. इसे शिल्पा राव ने आवाज दी थी.
