हिंदी सिनेमा के दिग्गज एक्टर्स में स्थान रखने वाले अजय देवगन इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर राज कर रहे हैं. ‘दृश्यम 3’ जैसी फिल्म से उन्होंने बॉक्स ऑफिस को कंपा दिया है. पहले ही दिन इस मूवी ने दुनियाभर में करीब 100 करोड़ की कमाई कर डाली और अजय बॉक्स ऑफिस के नए किंग बन गए. आइए दृश्यम 3 की सक्सेस के बीच एक नजर अजय देवगन की बॉलीवुड जर्नी पर डालते हैं.
16 की उम्र में की थी पहली फिल्म
अजय देवगन का जन्म दिवंगत और मशहूर स्टंट डायरेक्टर वीरू देवगन और वीणा देवगन के घर 2 अप्रैल 1969 को नई दिल्ली में हुआ था. ये बात बेहद कम लोग जानते हैं कि अजय ने बॉलीवुड में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट भी काम किया था. सबसे पहले वो बड़े पर्दे पर फिल्म ‘प्यारी बहना’ में नजर आए थे. साल 1985 की इस फिल्म के वक्त उनकी उम्र 16 साल थी. इसमें मिथुन चक्रवर्ती ने अहम रोल निभाया था. अजय, मिथुन के बचपन का किरदार निभाते हुए नजर आए थे.

बतौर लीड एक्टर पहली ही फिल्म से बने स्टार
अजय देवगन के पिता वीरू देवगन मुंबई में एक्टर बनने आए थे. हालांकि ऐसा नहीं हो सका और उन्होंने बतौर स्टंट डायरेक्टर काम करके सफलता हासिल की. लेकिन, उन्होंने सोच लिया था कि वो अपने बेटे को हीरो बनाएंगे और उनका ये सपना काफी जल्दी पूरा हो गया था. महज 22 सल की उम्र में अजय ने साल 1991 की फिल्म ‘फूल और कांटे’ से डेब्यू किया था.

फूल और कांटे के लिए इसके डायरेक्टर कुक्कू कोहली ने खुद अजय देवगन को कास्ट किया था. इसमें वो एक्ट्रेस मधू के अपोजिट नजर आए थे. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हिट रही. अजय की एक्टिंग के साथ-साथ उनके एक्शन सीन्स की भी काफी तारीफ हुई और इसके गाने भी सदाबहार साबित हुए. पहली ही फिल्म ने अजय को स्टार बना दिया था.
जब अजय की शक्ल-सूरत का उड़ा मजाक
अजय देवगन एक्टिंग में काफी दमदार थे और दमदार आज भी हैं, हालांकि एक्टर को अपने लुक्स के कारण शुरुआती दौर में मुश्किलें झेलनी पड़ी हैं. जब उन्हें पहली फिल्म ऑफर हुई थी और ये बात उन्होंने अपने दोस्तों को बताई थी तो उनके दोस्त उन पर हंसने लगे थे और कहा था कि तू स्टार बनेगा?

जब अजय की डेब्यू फिल्म की शूटिंग हो रही थी तब भी मीडिया ने उन्हें तवज्जो नहीं दी. अजय की शक्ल-सूरत और रंगत के कारण उन्हें कम आंका गया, हालांकि वो अपने दमदार और सधे हुए अभिनय से जवाब देते रहे. जब अजय को उनकी शक्ल-सूरत और रंग के कारण कम आंका जा रहा था तब दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन ने उन्हें ‘डार्क हॉर्स’ कहा था. इसका मतलब होता है लंबी रेस का घोड़ा. बिग बी का अजय पर ये बयान सही साबित हुआ.
एक्शन, रोमांस और कॉमेडी में भी छाए
अजय देवगन न सिर्फ एक्शन इमेज बनाने में कामयाब रहे, बल्कि अभिनेता ने कॉमेडी और रोमांटिक फिल्मों से भी दर्शकों के दिलों में जगह बनाई. ‘जिगर’, ‘खाकी’, ‘जख्म’, ‘दिलवाले’, ‘खाकी’, ‘तान्हाजी’ और ‘सिंघम’ सीरीज जैसी उनकी एक्शन फिल्मों को काफी पसंद किया गया.

‘गोलमाल’ और ‘धमाल’ फ्रेंचाइजी के अलावा वो ‘बोल बच्चन’, ‘सन ऑफ सरदार’ और ‘ऑल द बेस्ट’ जैसी कॉमेडी फिल्मों से भी छाए. वहीं ‘हम दिल दे चुके सनम’, ‘प्यार तो होना ही था’, ‘दे दे प्यार दे’ और ‘दिल क्या करे’ जैसे रोमांटिक फिल्मों से भी दर्शकों का दिल जीता. उनकी बेहतरीन फिल्मों की फेहरसित काफी लंबी है, जिनमें ‘दृश्यम’, ‘दृश्यम 2’, ‘रेड’, ‘रेड 2’, ‘शैतान’, ‘गंगाजल’, ‘दिलजले’ और ‘मेजर साब’ आदि शामिल हैं.
35 साल में 100 से ज्यादा फिल्में, 16 से ज्यादा 100 करोड़ी
अजय देवगन को बॉलीवुड में 35 साल का वक्त हो चुका है. उन्होंने अब तक 100 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है और कुछ एक फिल्मों को डायरेक्ट भी किया. तान्हाजी, सिंघम अगेन, दृश्यम 2, रेड 2, धमाल 4 और सन ऑफ सरदार सहित उनकी 16 से ज्यादा फिल्में 100 करोड़ी क्लब में शामिल हैं.
अजय देवगन को मिले ये बड़े अवॉर्ड्स
अजय देवगन अपने साढ़े तीन दशक के करियर में तीन बार बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड जीत चुके हैं. उन्हें पहला बेस्ट एक्टर अवॉर्ड साल 1998 की फिल्म ‘जख्म’ के लिए मिला था. फिर ‘द लीजेंड भगत सिंह’ (2002) और ‘तान्हाजी’ (2020) के लिए भी इस अवॉर्ड से सम्मानित किया. अजय ने तान्हाजी के लिए बतौर प्रोड्यूसर नेशनल अवॉर्ड भी जीता था. इनके अलावा वो पद्मश्री और तीन बार फिल्मफेयर अवॉर्ड से भी सम्मानित हुए.

बॉक्स ऑफिस के नए ‘किंग’ बने अजय देवगन
2 अक्टूबर को रिलीज हुई ‘दृश्यम 3’ ने पहले दिन दुनियाभर में 95 करोड़ रुपये कमाए. भारत में इसका ओपनिंग डे पर कलेक्शन 62 करोड़ रहा. ये न सिर्फ अजय देवगन के करियर की सबसे बड़ी ओपनर बनी, बल्कि बॉलीवुड की चौथी सबसे बड़ी ओपनर फिल्म भी बन चुकी है. इसने ‘पठान’, ‘स्त्री 2’ जैसी फिल्मों को पछाड़ दिया है.
