जापानी फिल्म ‘गॉडजिला माइनस जीरो’ इस वीकेंड ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर सबसे ऊपर पहुंच गई है. साउथ एशिया में इसे रिलीज नहीं किया जा सका, क्योंकि वहां ‘रामायण’ (आईमैक्स) का दबदबा रहा. हालांकि, नॉर्थ अमेरिका में इस मॉन्स्टर फिल्म ने इंडियन एपिक को पीछे छोड़ दिया.
‘गॉडजिला माइनस जीरो’ ने ग्लोबली ‘रामायण’ को छोड़ा पीछे
इंडस्ट्री के अनुमानों के मुताबिक, ‘गॉडजिला माइनस जीरो’ वीकेंड पर नॉर्थ अमेरिकन बॉक्स ऑफिस पर टॉप पर रही इसने शुक्रवार से रविवार के बीच 31.6 मिलियन डॉलर की कमाई की और ‘कैट इन द हैट’ को दूसरे नंबर पर धकेल दिया. वहीं नितेश तिवारी निर्देशित और रणबीर कपूर स्टारर ‘रामायण’ पांचवें नंबर पर रही, जबकि अमेरिका में किसी भी भारतीय फिल्म के मुकाबले इसे सबसे बड़े स्केल पर रिलीज़ किया गया था.
नितेश तिवारी की इस फिल्म ने शुक्रवार से रविवार के बीच 8.7 मिलियन डॉलर कमाए, और अपने एक्स्टेंडेड ओपनिंग वीकेंड में कुल 12.2 मिलियन डॉलर की कमाई की. अगर दोनों की तुलना करें, तो अमेरिका में ‘गॉडजिला माइनस जीरो’ की कमाई ‘रामायण’ से 260% ज़्यादा रही.
बता दें कि ‘गॉडजिला माइनस जीरो’ का बजट सिर्फ 19 मिलियन डॉलर है. वहीं ‘रामायण’ की बताई गई लगभग 210 मिलियन डॉलर की लागत से यह महज 9% है.
भारत में ‘रामायण’ का बज रहा डंका
गॉडजिला माइनस जीरो का दुनिया भर में दबदबा रहा, लेकिन भारत में शानदार प्रदर्शन की बदौलत रामायण ने इस अंतर को काफी हद तक कम कर दिया. इस जापानी फिल्म ने अपने शुरुआती वीकेंड में दुनिया भर में 63 मिलियन डॉलर की कमाई की. वहीं, रामायण ने अपने 4 दिनों के शुरुआती वीकेंड में लगभग 55 मिलियन डॉलर (करीब 500 करोड़ रुपये) कमाए. इसमें से 30 मिलियन डॉलर से ज्यादा (290 करोड़ रुपये ग्रॉस) की कमाई भारत से हुई, जो इसका घरेलू बाजार है.
‘गॉडजिला माइनस जीरो’ के बारे में
1949 के समय पर आधारित यह फिल्म उस दौर को दिखाती है जब युद्ध के बाद जापान खुद को फिर से खड़ा करने की कोशिश कर रहा है. इसी बीच एक नया खतरा सामने आता है: ‘किंग घिदोराह’ नाम का एक विशाल, तीन सिरों वाला, ड्रैगन जैसा राक्षस. फिर एंट्री होती है गॉडजिला की, जिसे 2023 की फिल्म ‘गॉडजिला माइनस वन’ में हारा हुआ मान लिया गया था, लेकिन रेडियोएक्टिविटी की वजह से वह फिर से जिंदा हो गया हैय वह इंसानों की कुछ मदद के साथ इस तीन सिरों वाले राक्षस से भिड़ जाता है. इस फिल्म का निर्देशन ताकाशी यामाजाकी ने किया है. ‘गॉडजिला माइनस जीरो’ को जापान के ‘तोहो’ स्टूडियो ने प्रोड्यूस किया है, और नॉर्थ अमेरिका में इसे ‘GKIDS’ द्वारा डिस्ट्रीब्यूट किया गया है.