Last Updated:
अजय देवगन की सस्पेंस थ्रिलर ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ ने बॉक्स ऑफिस पर गदर मचा दिया है. महज दो दिनों में भारत में यह 100 करोड़ क्लब मे एंट्री मार चुकी है. विदेशों मे भी फिल्म का जलवा देखने को मिल रहा है. कमाल की बात है कि ‘दृश्यम 3’ ने दूसरे दिन वर्ल्डवाइड 7 फिल्मों के रिकॉर्ड को चकनाचूर किया है. इस लिस्ट में सलमान खान की ‘सिकंदर’ और ‘दृश्यम’ का पहला पार्ट भी शामिल है.
नई दिल्ली. बॉलीवुड सुपरस्टार अजय देवगन की सस्पेंस थ्रिलर फिल्म ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ ने बॉक्स ऑफिस पर सुनामी ला दी है. फिल्म ने रिलीज होते ही कमाई के सारे पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं और महज दो दिनों के भीतर घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है. कमाल की बात है कि दूसरे दिन ‘दृश्यम 3’ ने वर्ल्डवाइड 7 फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर पछाड़ा है. चलिए आपको बताते हैं कि अभिषेक पाठक निर्देशन में बनी इस मूवी ने अब तक दुनियाभर में कितने करोड़ रुपये का टोटल बिजनेस कर लिया है.
देश ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में इस फिल्म का डंका बज रहा है. वर्ल्डवाइड सिर्फ दो दिनों में ही ‘दृश्यम 3’ ने 175 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है. बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक, शुक्रवार को 62 करोड़ रुपये की नेट कमाई के साथ धमाकेदार शुरुआत की. शनिवार यानी दूसरे दिन ‘दृश्यम 3’ ने भारत में 53.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. इसके साथ ही ‘दृश्यम 3’ का दो दिनों का भारत में कुल नेट बिजनेस 115.50 करोड़ रुपये हो गया है. (फोटो साभार: Sacnilk)
इस तरह ‘दृश्यम 3’ ने दो दिनों में ही भारत में 100 करोड़ क्लब में अपनी धमाकेदार एंट्री मार दी. शनिवार को सिनेमाघरों में 46.1 फीसदी की शानदार ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई. हालांकि, पहले दिन के मुकाबले शनिवार को कलेक्शन में 13.7 फीसदी की मामूली गिरावट देखने को मिली, लेकिन इसके बावजूद अजय देवगन की मूवी को देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ सिनेमाघरों में बनी हुई है. (फोटो साभार: Instagram@starstudio18)
Add News18 as
Preferred Source on Google
ओवरसीज और घरेलू मार्केट को मिलाकर ‘दृश्यम 3’ महज दो दिनों में दुनियाभर में 179.60 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन कर लिया है. जिस रफ्तार से सिनेमाघरों में दर्शकों की भीड़ उमड़ रही है, उसे देखते हुए माना जा रहा है कि रविवार (तीसरे दिन) फिल्म की कमाई में एक बार फिर बड़ा उछाल आएगा और यह दुनियाभर में आसानी से 200 करोड़ क्लब में एंट्री मार देगी. (फोटो साभार: IMDb)
‘दृश्यम 3’ की इस रिकॉर्डतोड़ शुरुआत ने साउथ की कई बड़ी फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है. महज दो दिनों में अजय देवगन की इस सस्पेंस-थ्रिलर ने पिछले साल रिलीज हुई सलमान खान की बिग बजट फिल्म ‘सिकंदर’ को पछाड़ दिया है, जिसका लाइफटाइम कलेक्शन 176 करोड़ रुपये रहा. (फोटो साभार: Instagram@starstudio18)
अजय देवगन और तब्बू की इस फिल्म ने अपनी ही फ्रेंचाइजी के पहले पार्ट का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. शनिवार को इस फिल्म ने साल 2015 में आई ‘दृश्यम’ के लाइफटाइम कलेक्शन (107 करोड़) का रिकॉर्ड तोड़ दिया. इसके अलावा हालिया रिलीज कई फिल्मों को ‘दृश्यम 3’ ने बॉक्स ऑफिस पर पछाड़ा है. (फोटो साभार: Instagram@starstudio18)
साउथ सुपरस्टार राम चरण की फिल्म ‘पेद्दी’ ने दो दिनों में दुनियाभर में 148.49 करोड़ का कलेक्शन किया था. अक्षय कुमार की हॉरर-कॉमेडी ‘भूत बंगला’ की कमाई 61.50 करोड़ रुपये रही. इसके अलावा मल्टीस्टारर कॉमेडी ‘धमाल 4’ ने दो दिनों में 52.80 करोड़ और ‘कॉकटेल 2’ ने 50.45 करोड़ का कारोबार किया है, जबकि ‘ओ रोमियो’ ने दो दिनों में 30.38 करोड़ का कलेक्शन किया था. इस तरह ‘दृश्यम 3’ वर्ल्डवाइड कमाई के मामले में 7 बड़ी फिल्मों को धूल चटाई है. (फोटो साभार: Instagram@starstudio18)
आपको बता दें कि ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ हिंदी सिनेमा की पॉपुलर फ्रेंचाइजी ‘दृश्यम’ की आखिरी किस्त है. अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी इस सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म में अजय देवगन के साथ तब्बू, श्रिया सरन, इशिता दत्ता, मृणाल जाधव, प्रकाश राज, जयदीप अहलावत, कमलेश सावंत, रजत कपूर, सौरभ शुक्ला और नेहा जोशी जैसे मंझे सितारे ने अहम किरदारों मे हैं. (फोटो साभार: Instagram@starstudio18)