मेरठ में पति को दूसरी महिला के साथ कार में देखकर पत्नी ने विरोध किया तो मामला सड़क पर हाईवोल्टेज ड्रामे में बदल गया. पत्नी ने कार में बैठी दूसरी महिला को बाहर निकालने की कोशिश की तो आरोप है कि पति ने अचानक कार दौड़ा दी. इस दौरान पत्नी कार के बोनट पर लटक गई. बावजूद इसके पति नहीं रुका और कई किलोमीटर तक कार चलाता रहा और महिला बोनट पर लटकी रही. पत्नी ने यह भी आरोप लगाया कि उसे जान से मारने की कोशिश में कार को दो बार डिवाइडर से भी टकराया गया. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
मामला लोहिया नगर थाना क्षेत्र के काजीपुर का है. यहां रहने वाली सुनीता की शादी साल 2012 में किठौर थाना क्षेत्र के मयंक से हुई थी. शादी के बाद दोनों के बीच विवाद रहने लगा था. सुनीता के परिजनों की ओर से मयंक के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई गई थी. बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया. फिलहाल सुनीता अपने बच्चों के साथ लोहिया नगर इलाके में रह रही थी.
सुनीता को जानकारी मिली कि उसका पति मयंक किसी दूसरी महिला के साथ कार में है. इसके बाद वह हापुड़ रोड स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के सामने पहुंची. सुनीता ने वहां मयंक को एक महिला के साथ कार में देखा और उसका विरोध किया. उसने कार में बैठी महिला को बाहर निकालने की कोशिश की.
सुनीता का आरोप है कि इसी दौरान मयंक ने कार दौड़ा दी. वह कार के बोनट पर लटक गई, लेकिन पति ने गाड़ी नहीं रोकी. आरोप है कि कई किलोमीटर तक कार चलती रही और सुनीता बोनट पर लटकी रही. महिला ने पुलिस को दी शिकायत में दावा किया कि उसे जान से मारने की नीयत से कार को दो बार डिवाइडर से टकराया गया. इसके बावजूद वह किसी तरह कार से लटकी रही.
लोगों ने रुकवाया कार, तब जाकर बची महिला की जान
आगे जाकर आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह कार को रुकवाया और सुनीता को बोनट से नीचे उतारा. आरोप है कि इसके बाद भी मयंक ने उसके साथ मारपीट की. घटना के बाद सुनीता थाने पहुंची और पति मयंक तथा उसके साथ मौजूद महिला माही के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.
मेरठ के सीओ कोतवाली संग्राम सिंह के मुताबिक, 3 अक्टूबर को लोहिया नगर थाने में सुनीता ने अपने पति मयंक को माही के साथ देखने और विवाद के बाद उस पर गाड़ी चढ़ाने के प्रयास का आरोप लगाया. पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. मयंक और माही को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने कार को भी सीज कर दिया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
—- समाप्त —-