दिल्ली और मुंबई में दो अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के बाद से ही कुछ युवाओं के डांस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें चार लड़कियां ‘कैरेक्टर ढीला है’ गाने पर डांस करती दिख रही हैं. उनके इर्द-गिर्द युवाओं की भीड़ इकट्ठा है. ऐसा कहा जा रहा है कि ये ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन का वीडियो है.
एक एक्स यूजर ने इसे पोस्ट करते हुए लिखा, “अगर मैं धर्मेंद्र प्रधान या ज्ञानेश कुमार की जगह होता, तो इस्तीफ़ा देने के बजाय मंत्रालय और CEC की कुर्सी उठाकर सीधे Jantar Mantar पहुंच जाता. वहीं बैठकर अपना कामकाज करता और साथ ही वामपंथी अप्सराओं के नृत्य का आनंद भी उठाता.”
वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कई लोग सीजेपी के समर्थकों का मजाक उड़ा रहे हैं और ‘छपरी प्रोटेस्टर’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उन पर तंज कस रहे हैं. कुछ लोग तो डांस कर रही लड़कियों पर आपत्तिजनक कमेंट भी कर रहे हैं.
आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये किसी विरोध प्रदर्शन का नहीं बल्कि आईआईटी दिल्ली के एक सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘Rendezvous’ का वीडियो है. आईआईटी दिल्ली के छात्र और इस कार्यक्रम के संयोजक ऋषभ जोशी ने भी आजतक से इस बात की पुष्टि की है.
कैसे पता चली सच्चाई?
वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने से ये हमें पता लगा कि इसे आईआईटी दिल्ली के छात्र देवेंद्र परिहार ने 4 अक्टूबर को यूट्यूब पर पोस्ट किया था. कैप्शन के मुताबिक, ये आईआईटी दिल्ली के सांस्कृतिक जलसे ‘Rendezvous’ में आयोजित ‘The Boy vs Girl Street Dance Battle’, यानी लड़कों और लड़कियों के बीच हुई डांस की प्रतिस्पर्धा का वीडियो है. पोस्ट में ये भी लिखा है कि ये प्रतिस्पर्धा आईआईटी दिल्ली में स्थित ‘Red Square’ नाम की जगह में हुई थी.
यहां एक खास बात ये है कि वीडियो के ऊपरी हिस्से में एक लाल रंग की पट्टी पर लिखा है, ‘SHE REALLY ATE THAT DROP’. वायरल वीडियो में इस पट्टी के ऊपर सफेद रंग की एक पट्टी लगाकर लिख दिया गया है- ‘इस्तीफा तो होगा ही, तू पहले ये देख भाई’. साथ ही, जहां असली वीडियो में एक अंग्रेजी गाना बज रहा है, वहीं वायरल वीडियो में ‘कैरेक्टर ढीला है’ गाना लगा दिया गया है.
हमने इस बारे में आईआईटी दिल्ली के छात्र और ‘Rendezvous 2026’ समारोह के संयोजक ऋषभ जोशी से भी बात की. उन्होंने बताया कि ये ‘क्रू वर्सेज क्रू डांस बैटल’ का वीडियो है, न कि किसी विरोध प्रदर्शन का.
आईआईटी दिल्ली के एक अन्य छात्र और इस समारोह के मीडिया कोऑर्डिनेटर सुमित राही ने भी बताया कि ये डांस बैटल का वीडियो है जिसमें आईआईटी दिल्ली के अलावा और भी कई कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया था.
अगर आप वीडियो को ध्यान से देखें, तो इसमें जमीन पर ‘बैटल’ शब्द लिखा हुआ साफ दिख रहा है.
साफ है, आईआईटी दिल्ली के एक कार्यक्रम के वीडियो को CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हो रहे प्रदर्शनों से जोड़ कर भ्रम फैलाया जा रहा है.
—- समाप्त —-