फैक्ट चेक: मैथिली ठाकुर ने जमुई कांड पर नहीं दिया ‘महिला सुरक्षा’ वाला ये बयान, पुराना है वीडियो – fact check maithili thakur viral video on jamui harrasment case old statement ntc drmt


बिहार के जमुई कांड के मुख्य आरोपी नंदन यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी से पहले पुलिस से हुई मुठभेड़ के दौरान आरोपी नंदन के पैर में गोली लग गई.

इन सब के बीच जमुई मामले पर बीजेपी नेता और लोक गायिका मैथिली ठाकुर का बयान बताकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में मैथिली ये बोलती हुई सुनी जा सकती हैं, ‘हम खुद बिहार से आए हैं. मैं खुद बिहार की बेटी हूं और हम लोग बहुत सुरक्षित हैं. मैं खुद लड़की हूं और इस बात को सुनिश्चित करने के लिए आप सब के बीच खड़ी हूं कि मैं बिल्कुल महफूज हूं.’

कुछ लोग कह रहे हैं कि मैथिली ने जमुई कांड के बाद ये बयान दिया है. वीडियो के साथ लिखा है, ‘कोई इतना बेशर्म कैसे हो सकता है? बिहार के जमुई मामले पर टिप्पणी को लेकर बीजेपी विधायक मैथिली ठाकुर की आलोचना हो रही है.’

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये वीडियो अप्रैल 2026 का है. मैथिली ठाकुर ने ये बयान पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान दिया था.

कैसे पता लगाई सच्चाई?

रिवर्स इमेज सर्च के जरिए हमें इस वीडियो का लंबा वर्जन न्यूज एजेंसी ANI के यूट्यूब चैनल पर मिला. यहां इसे 22 अप्रैल, 2026 को अपलोड किया गया था. इतनी बात तो यहीं साफ हो गई कि ये वीडियो पुराना है और जमुई मामले से संबंधित नहीं हो सकता है.

रिपोर्टर के पूछने पर मैथिली ने ममता बनर्जी के उस बयान का जवाब दिया था जिसमें उन्होंने कहा था कि महिलाएं बिहार और उत्तर प्रदेश में सुरक्षित नहीं हैं. अपने जवाब में मैथिली ने कहा, ‘दीदी के बोलने से थोड़ी ना होगा. हम खुद बिहार से आए हैं और मैं खुद बिहार की बेटी हूं, हम लोग बहुत सुरक्षित हैं. अगर यहां किसी भी लड़की को असहज महसूस होता है या कोई अपराध होता है, तो 24 घंटे के अंदर गिरफ्तारी होती है. मैं खुद एक लड़की हूं और आप सभी के बीच इस बात की पुष्टि करने के लिए खड़ी हूं कि मैं बिल्कुल महफूज हूं. मुझे बंगाल आने में थोड़ा संकोच हो रहा था, क्योंकि चुनाव के दौरान हमने देखा कि विपक्षी दल के कार्यकर्ता पथराव और वसूली कर रहे थे. लेकिन जब मैं अपने पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच हूं, तो मैं सोना पहनकर भी घूम सकती हूं. मुझे कोई डर नहीं लगता क्योंकि मेरे भाई मेरे साथ हैं.’

द ट्रिब्यून की 22 अप्रैल, 2026 की रिपोर्ट में भी इसे देखा जा सकता है. रिपोर्ट के मुताबिक, मैथिली ठाकुर ने ये बयान बंगाल में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान दिया था जिससे राजनीतिक माहौल गरमा गया था. 

मैथिली ने जमुई की घटना को बेहद निंदनीय और शर्मनाक बताया है. उन्होंने कहा कि ये दिल को झकझोर देने वाली घटना है. साथ ही उन्होंने इस मामले में एक्शन के लिए प्रशासन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को धन्यवाद कहा है.

साफ है, बिहार में महिला सुरक्षा पर मैथिली ठाकुर के पुराने बयान को जमुई कांड के बाद का बताकर झूठ फैलाया जा रहा है.

—- समाप्त —-





Source link

Related posts

नाबालिग का अश्लील वीडियो वायरल करने के आरोप में एफआईआर, National Hindi News

वायरल वीडियो के विरोध में सड़कों पर उतरा अभाविप, कार्रवाई की मांग, National Hindi News

Fatehgarh Shopkeeper Assault | Viral Video Farrukhabad Crime News