उत्तर प्रदेश के इटावा के सैफई ब्लॉक स्थित बिरौली प्राथमिक विद्यालय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश कुमार कक्षा 3 के एक बच्चे के सिर पर हाथ से ‘तबला’ बजाते नजर आ रहे हैं। बच्चे के सिर पर बाल नहीं हैं और वह नीचे बैठा हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि प्रधानाचार्य कुर्सी पर बैठे हैं।
ताल बजाते रहे और ठहाके लगाते रहे
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बच्चे ने बाल मुड़वा रखा है। फिर क्या, प्रधानाचार्य बच्चे को अपने पास बुलाकर उसके सिर पर ताल ठोकते जा रहे हैं। बच्चे के सिर पर जोर-जोर से ताल बजा रहे हैं और ठहाके लगा रहे हैं। वीडियो में प्रधानाचार्य को जोर-जोर से ठहाके लगाते हुए देखा जा सकता है। कक्षा में मौजूद दूसरे बच्चे भी इस पूरे घटनाक्रम को देखकर हंसते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में कुछ पल ऐसे हैं, जब लगता है कि कक्षा में पढ़ाई के बजाय ‘सिर पर तबला वादन’ का कार्यक्रम चल रहा है। हालांकि, बच्चे के साथ प्रधानाचार्य का यह व्यवहार अब सवालों के घेरे में है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला शिक्षा विभाग के अधिकारियों के संज्ञान में पहुंचा। इसके बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया। जानकारी के मुताबिक, बीएसए राजेश कुमार ने प्रधानाचार्य दिनेश कुमार को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
चलती ट्रेन में टिकट चेकिंग से मचा हड़कंप
बीत दिनों उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया, जिसमें बेटिकट यात्री चेकिंग टीम को देखते ही चलती ट्रेन से कूदकर भागते नजर आ रहे हैं। मामला रसौली रेलवे स्टेशन का है, जहां अयोध्या-लखनऊ ट्रेन में टीटीई, चेकिंग अधिकारियों और रेलवे पुलिस फोर्स की टीम ने अचानक चेकिंग शुरू कर दी। टीम को देखते ही कई यात्री ट्रेन के टॉयलेट में छिपने लगे, जबकि कुछ लोग जान जोखिम में डालकर चलती ट्रेन से नीचे कूद गए। इस दौरान कई यात्री जमीन पर गिरते भी दिखाई दिए। ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बताया गया कि विशेष चेकिंग अभियान के दौरान टीम ने 371 बेटिकट यात्रियों को पकड़ा, जिन्हें बाद में लखनऊ ले जाया गया। अचानक हुई कार्रवाई से ट्रेन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वायरल वीडियो में कुछ यात्री प्लेटफॉर्म की तरफ तो कुछ रेलवे ट्रैक की ओर छलांग लगाते दिखाई दे रहे हैं। चलती ट्रेन से कूदकर भागने की इस घटना ने यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
(मोहम्मद फारिक की रिपोर्ट के साथ)
ये भी पढ़ें-
VIDEO: बोकारो स्टील प्लांट में भीषण आग, ब्लास्ट फर्नेस के कन्वेयर बेल्ट K-21 और K-22 धू-धू कर जले
