मिस्र के गीजा शहर में एक 5 साल के बच्चे को बचाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बच्चा दूसरी मंजिल की बालकनी से नीचे गिर गया था. वह जमीन पर पहुंचता, उससे पहले ही वहां मौजूद 25 साल के अहमद रागब ने दौड़कर उसे अपनी बाहों में पकड़ लिया. कुछ ही सेकेंड में हुए इस रेस्क्यू ने बच्चे की जान बचा ली.
यह घटना गीजा के अर्द-एल-लीवा इलाके की बताई जा रही है. सामने आए CCTV फुटेज में बच्चे को दूसरी मंजिल की बालकनी से गिरते देखा जा सकता है. जैसे ही नीचे मौजूद अहमद रागब की नजर बच्चे पर पड़ती है, वह फौरन उसकी तरफ दौड़ते हैं और उसके गिरने की दिशा में खुद को सही जगह पर ले आते हैं. इसके बाद वह बच्चे को जमीन से टकराने से पहले ही पकड़ लेते हैं.
बच्चे को गिरते देखा तो तुरंत दौड़ पड़े
अहमद रागब ने मिस्र के मीडिया से बातचीत में बताया कि वह उस वक्त इलाके में एक दुकान के पास मौजूद थे. उन्हें एक बच्चे ने ऊपर की तरफ इशारा करके बताया कि कुछ हो रहा है. उन्होंने ऊपर देखा तो बालकनी से बच्चा गिरता नजर आया. इसके बाद उन्होंने बिना ज्यादा सोचे उसकी तरफ दौड़ लगा दी.
रागब ने बताया कि सबकुछ इतनी तेजी से हुआ कि उन्हें खुद समझ नहीं आया कि उन्होंने बच्चे तक इतनी जल्दी कैसे पहुंचकर उसे पकड़ लिया. उन्होंने कहा कि उस वक्त उनके दिमाग में सिर्फ बच्चे को बचाने की बात थी.
कपड़े की रस्सी से भी टकराया बच्चा
गल्फ न्यूज के मुताबिक, नीचे गिरते समय बच्चा एक कपड़े सुखाने की रस्सी से टकराया. इससे उसकी गिरने की रफ्तार कुछ कम हुई और अहमद रागब को बच्चे तक पहुंचने के लिए एक छोटा-सा अतिरिक्त पल मिल गया. इसके तुरंत बाद रागब ने उसे अपनी बाहों में पकड़ लिया.
यह भी पढ़ें: लहंगा पहना और माइनस 5°C में बर्फीली पहाड़ी से उतर गई, VIDEO देख दंग रह गए लोग
बच्चे को पकड़ने के बाद रागब खुद भी काफी घबरा गए. उन्होंने बताया कि घटना खत्म होने के बाद वह तनाव के कारण सड़क किनारे रखे एक गद्दे का सहारा लेकर बैठ गए.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ VIDEO
इस पूरी घटना का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद तेजी से वायरल हुआ. घटना के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने रागब की तेजी से प्रतिक्रिया देने और बच्चे को बचाने के लिए उनकी तारीफ की.
रागब ने बाद में कहा कि उन्होंने यह सब किसी पहचान या तारीफ के लिए नहीं किया था. उनके मुताबिक, सामने एक बच्चा गिर रहा था और उस समय उनका ध्यान सिर्फ उसे बचाने पर था. उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी घटनाएं बच्चों पर लगातार नजर रखने की जरूरत बताती हैं.
—- समाप्त —-
