प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाई पार्मेलिन के बीच अहम बैठक हुई. वहीं, असम के नगांव में मंगलवार सुबह 4.5 तीव्रता का भूकंप आने से कांपी धरती. इन खबरों के अलावा, मायावती ने भतीजे आकाश आनंद को बीएसपी का नेशनल कॉर्डिनेटर बनाया. पढ़ें मंगलवार सुबह की बड़ी खबरें.
व्यापार से न्यूक्लियर एनर्जी तक… PM मोदी-पार्मेलिन की बैठक में भारत-स्विट्जरलैंड रिश्तों पर बनी बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्विट्ज़रलैंड के राष्ट्रपति गाई पार्मेलिन से मुलाकात की. दोनों ने व्यापार-निवेश के साथ रक्षा उत्पादन, न्यूक्लियर एनर्जी, टेक्नोलॉजी, छात्रों के मौके और इंफ्रास्ट्रक्चर में साझेदारी बढ़ाने पर चर्चा की. गाई पार्मेलिन तीन दिन के भारत दौरे पर हैं. यह उनकी पहली राजकीय यात्रा है.
मंडे को भी नहीं थमी दृश्यम 3 की रफ्तार, अजय देवगन की फिल्म ने फिर किया कमाल
अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम थ्री: द कन्क्लूजन’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है. फिल्म ने पहले दिन ₹62 करोड़, दूसरे दिन ₹53.50 करोड़ और तीसरे दिन 150 करोड़ का आंकड़ा पार किया. पहले वीकेंड में ₹176.50 करोड़ नेट कमाए. सोमवार को ₹21 करोड़ के साथ इसकी कुल नेट कमाई ₹197.50 करोड़ हो गई, जबकि वर्ल्डवाइड कलेक्शन ₹303 करोड़ पहुंच गया.
असम के नगांव में भूकंप के झटके, आज ही वोटिंग
असम के नगांव में मंगलवार सुबह 4:23 बजे 4.5 तीव्रता का भूकंप आया. NCS के मुताबिक, मणिपुर के तामेंगलोंग में भी 2.9 तीव्रता के झटके महसूस किए गए. धरती के अंदर मौजूद टेक्टोनिक प्लेट्स लगातार घूमती और टकराती रहती हैं. इनके टकराव से दबाव और ऊर्जा बढ़ती है, जो बाहर निकलने पर धरातल पर भूकंप के झटके पैदा करती है.
‘मैं इसे हल्के में नहीं ले सकता…’, फिर से बसपा संयोजक बनने के बाद बोले आकाश आनंद
BSP में आकाश आनंद की एक बार फिर वापसी हो गई है. मायावती ने उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक फिर से नियुक्त करने का ऐलान किया. मायावती से माफ़ी मिलने और ज़िम्मेदारी दोबारा सौंपे जाने के बाद आकाश आनंद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भावुक प्रतिक्रिया दी. उन्होंने मायावती का आभार जताते हुए कहा कि यह उनके लिए भावुक पल है.
आजादी के बाद पहली बार डिब्रूगढ़ से बांग्लादेश रवाना हुआ कार्गो जहाज, फिर शुरू हुआ जलमार्ग व्यापार
असम के डिब्रूगढ़ से बांग्लादेश के लिए नदी के रास्ते कार्गो सेवा फिर शुरू हो गई है. आज़ादी के बाद पहली बार डिब्रूगढ़ से कोई कार्गो जहाज़ दूसरे देश के लिए रवाना हुआ है. ये कार्गो नए बोगीबील रिवर पोर्ट से एमवी पटकाई को ढाका के पांगांव पोर्ट के लिए रवाना किया गया. सर्बानंद सोनोवाल ने मेथनॉल से 27 कंटेनर लदे इस जहाज़ को हरी झंडी दिखाई.
शादी में मिलेगा 8 ग्राम सोना और रेशमी साड़ी, इस राज्य में सरकार का ऐलान
तमिलनाडु सरकार ने ‘अन्नान सीर’ योजना को लागू करने के लिए 812 करोड़ रुपये की पहली किस्त मंजूर की है. इस योजना के तहत तमिलनाडु में 2.5 लाख रुपये तक की सालाना पारिवारिक आय वाले परिवारों की महिलाओं को शादी के दौरान 8 ग्राम सोने का सिक्का और एक रेशमी साड़ी दी जाएगी. इस संबंध में 2026-27 के संशोधित बजट भाषण में घोषणा की गई थी.
‘सूखे के संकट से किसानों की दिवाली खराब नहीं होने देंगे’, PM मोदी से मुलाकात कर बोले शिंदे
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोमवार को नई दिल्ली में PM मोदी से मुलाक़ात की. करीब एक घंटे चली बैठक में राज्य में गंभीर सूखे और किसानों के सामने मौजूद चुनौतियों पर चर्चा हुई. शिंदे के मुताबिक़, पीएम मोदी ने पानी की उपलब्धता, खेती की स्थिति और पशुओं के चारे की जानकारी ली. उन्होंने केंद्र से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया.
दिल्ली में 11 पुलिस अफसरों का प्रमोशन, विवेक भगत बने ADCP
2018 बैच के DANIPS अधिकारी विवेक भगत को ACP से पदोन्नत कर ADCP बनाया गया है. यह नियमित पदोन्नति है और विवेक भगत इसके लिए पहले से पात्र थे. उनके साथ 11 अन्य अधिकारियों को भी पदोन्नति दी गई है. हाल के विरोध प्रदर्शनों को लेकर भी उनका नाम चर्चा में रहा है. 3 अक्टूबर के प्रदर्शन के दौरान उन पर छेड़छाड़ के आरोप लगे थे.
रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर टू’ का ट्रेलर रिलीज़ हो गया है, जिसने फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट बढ़ा दी है. ट्रेलर में रजनीकांत के अलावा विद्या बालन, मिथुन चक्रवर्ती और एसजे सूर्या विलेन की साइड में नज़र आ रहे हैं. वहीं जैकी श्रॉफ, शिवराजकुमार, मोहनलाल और ऋतिक रोशन भी दिखाई दिए हैं. यह फिल्म 15 अक्टूबर को रिलीज़ होगी.
Flight Fare Hike: दिल्ली, मुंबई या हैदराबाद… फेस्टिव सीजन में फ्लाइट किराये में जबरदस्त उछाल
दशहरा, दिवाली या साल के आख़िर में हवाई सफ़र की तैयारी कर रहे हैं तो इस बार टिकट के लिए ज़्यादा बजट रखना पड़ सकता है. दिल्ली-हैदराबाद रूट पर फ्लाइट का औसत किराया 68 फ़ीसदी तक बढ़ा है. वहीं मुंबई-कोलकाता में 51 फ़ीसदी, दिल्ली-गोवा में करीब 39 फ़ीसदी और मुंबई-बेंगलुरु रूट पर करीब 37 फ़ीसदी की फ्लाइट्स के किराए में बढ़ोतरी हुई है.
—- समाप्त —-
