Last Updated:
Fish Viral Video: मछली खाने वालों सावधान! सिर्फ हरी सब्जी ही नहीं बल्कि नॉनवेज भी अब सेफ नहीं है. कटिहार में मछलियों को ताजा दिखाने के लिए केमिकल वाला रंग लगाने का वीडियो सामने आया. जहां दुकानदार दंपति मछली को लाल रंग से रंगते हुए नजर आए. उनका कहना था कि यहां सब लोग रंग लगाते हैं. वायरल वीडियो पर जिला कलेक्टर ने संज्ञान लिया है. जांच की जा रही है.
मछली पर रंग लगाने का वीडियो सामने आया.
कटिहारः बिहार के कटिहार से हैरान करने वाला वाक्या सामने आया. जहां एक मछली बेचने वाले दंपति उस पर केमिकल वाला रंग रगड़ते हुए नजर आए. वीडियो में मछली को ताजा दिखाने के लिए उसमें रंग मिलाने की बात सामने आई है. मामला सहायक थाना के मिरचाईबाड़ी स्थित SBI बैंक के सामने का है. यहां मछली बेचने वाले एक दंपति से बातचीत के दौरान मछली में रंग मिलाने की बात सामने आई. वीडियो में दुकानदार कह रहे हैं कि यहां सब लोग करते हैं.
सब लोग करते हैंः दुकानदार
वीडियो में मछली बेचने वाले दंपति से मछली को ताजा दिखाने के लिए रंग मिलाने को लेकर सवाल किया गया. बातचीत में दुकानदार ने मछली में रंग मिलाने की बात कुबूल की. दुकानदार कहता है कि- यहां सब लोग करता, मछली को ताजा दिखाने के लिए करते हैं. हालांकि, वीडियो में इस्तेमाल किए गए पदार्थ की प्रकृति क्या है और वह स्वास्थ्य के लिए कितना नुकसानदायक है, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं.
लोगों ने जताई चिंता
मछली में किसी तरह के केमिकल या रंग के इस्तेमाल की बात सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में चिंता है. लोगों का कहना है कि मछली समेत खाद्य पदार्थ सीधे लोगों की सेहत से जुड़े होते हैं. अगर इन्हें ताजा दिखाने के लिए किसी ऐसे पदार्थ का इस्तेमाल किया जाता है, जो खाने के लिए सुरक्षित नहीं है, तो इससे लोगों की सेहत पर असर पड़ सकता है. स्थानीय लोगों ने ऐसे मामलों की जांच और कार्रवाई की मांग की है, ताकि बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी बनी रहे.
DM ने जांच के दिए आदेश
वीडियो सामने आने के बाद कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने मामले का संज्ञान लिया. डीएम ने बताया कि वीडियो से जुड़ा मामला सामने आने के बाद उन्होंने इसकी जांच के आदेश दिए हैं. जांच में यह पता लगाया जाएगा कि मछली में किस तरह के रंग या पदार्थ का इस्तेमाल किया जा रहा था और यह खाद्य सुरक्षा के मानकों के अनुरूप है या नहीं. मालूम हो कि पहले सब्जियों को हरा और ताजा दिखाने के लिए केमिकल वाला रंग इस्तेमाल करने के कई मामले सामने आ चुके हैं.
About the Author
Journalist with a sharp focus on Bihar and Jharkhand, covering politics, crime, and trending stories with a strong ground-level perspective. Passionate about listening to stories, understanding them deeply, and…
और पढ़ें