वायरल वीडियो में महज 26 सेकेंड के भीतर 16 डंडे मारते हुए देखा जा सकता है। इसके अलावा लात मारने और बेरहमी से पिटाई करने के दृश्य भी सामने आए हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
खेत में आने-जाने को लेकर भिड़े रिश्तेदार
पुलिस के मुताबिक, घटना 8 अक्टूबर की शाम की है। मखियाली गांव निवासी मनीष पुत्र श्रीपाल और उसके रिश्तेदार शुभ पुत्र संदीप व कार्तिक के बीच पहले से विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश के चलते पहले भी मारपीट को लेकर तनातनी रही थी। गुरुवार शाम खेत में आने-जाने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि शुभ और कार्तिक ने मनीष के साथ मारपीट शुरू कर दी।
26 सेकेंड के वीडियो में बेरहमी से पिटाई
घटना के वायरल वीडियो में मनीष के साथ की जा रही मारपीट की तस्वीरें सामने आई हैं। आरोपियों की पिटाई का अंदाज देखकर घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। एक वीडियो में 26 सेकेंड के भीतर 16 डंडे बरसाए जाते दिखाई देते हैं। पीड़ित को लात मारने और अन्य तरीके से पीटने के दृश्य भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं। मारपीट का वीडियो खुद बनाकर वायरल किए जाने के मामले ने घटना को और गंभीर बना दिया।
वीडियो का संज्ञान लेकर पुलिस ने की कार्रवाई
वीडियो सामने आने के बाद नई मंडी पुलिस ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया। पुलिस ने मारपीट के मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर शुभ और कार्तिक को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
नई मंडी के सीओ राजू कुमार साव ने बताया कि वायरल वीडियो 8 अक्टूबर का है। मनीष और आरोपी आपस में सगे रिश्तेदार हैं। इनके बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। घटना वाले दिन खेत में आने-जाने की बात को लेकर झगड़ा हुआ, जिसके बाद आरोपियों ने मनीष के साथ मारपीट की। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज किया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सीओ के मुताबिक, मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।