Last Updated:
Anant Singh-Elvish Yadav Viral Video: बिहार के मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस बार वीडियो में उन्हें यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर एल्विश यादव से मोबाइल पर वीडियो कॉल के जरिए बातचीत करते हुए दिखाने का दावा किया जा रहा है. वायरल वीडियो को लेकर यह भी कहा जा रहा है कि एल्विश यादव ने अनंत सिंह को मुंबई आने का न्योता दिया है. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िये.
जदयू विधायक अनंत सिंह और एल्विश यादव का वीडियो कॉल वायरल
पटना. मोकामा विधायक अनंत सिंह और यूट्यूबर एल्विश यादव के बीच मोबाइल पर वीडियो कॉल की बातचीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. दावा किया जा रहा है कि एल्विश यादव ने अनंत सिंह को मुंबई आने का न्योता दिया है. इस वीडियो में एल्विश कहते हुए देखे जाते हैं कि वे जब भी वह बिहार आएंगे तो अनंत सिंह से मिलेंगे. अनंत सिंह का यह वीडियो ऐसे समय आया है जब अनंत सिंह अपने बयानों और पटना स्नातक चुनाव में बगावती रुख को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं.
एल्विश यादव से क्या बात हुई?
रिपोर्ट्स के मुताबिक यह वीडियो कॉल हाल की है. इसमें मोकामा विधायक अनंत सिंह और सोशल मीडिया स्टार एल्विश यादव के बीच गर्मजोशी से बात होती दिख रही है. एल्विश कहते हैं, आप बिहार आइए फिर मिलते हैं, और साथ ही विधायक को मुंबई आने का इनविटेशन देते हैं. अनंत सिंह भी उन्हें बिहार आने पर मिलने का बुलावा देते हैं.
जदयू विधायक अनंत सिंह और एल्विश यादव का वीडियो कॉल वायरल, मुंबई आने का न्योता, बिहार आने पर मिलने का वादा.
कौन हैं एल्विश यादव?
बता दें कि एल्विश यादव हरियाणा के गुरुग्राम के रहने वाले हैं. वे कॉमेडी-रोस्ट वीडियो से फेमस हुए और 2023 में बिग बॉस OTT-2 जीता था. इससे पहले अनंत सिंह का यूपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के साथ वीडियो कॉल वाला वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें दोनों के बीच हालचाल और एक साधु के जरिए बातचीत दिखाई दी थी.
बिस्तर पर लेटकर तिलक वाला वीडियो भी वायरल
इसी हफ्ते एक और वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें अनंत सिंह की उत्तर प्रदेश के पूर्व बाहुबली सांसद बृज भूषण शरण सिंह से वीडियो कॉल पर बातचीत का वीडियो भी सामने आया था. वह बेडरूम में बिस्तर पर पेट के बल लेटकर एक पुजारी से माथे पर तिलक लगवाते दिख रहे हैं. तिलक के बाद वह उठते हैं, काला चश्मा लगाते हैं, माला और गमछा पहनते हैं. लोग इसे उनके बेफिक्र अंदाज और स्वैग से जोड़कर शेयर कर रहे हैं. बता दें कि बृज भूषण शरण सिंह भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं.
बिस्तर पर लेटकर तिलक वाला वीडियो फिर चर्चा में, अनंत सिंह का जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह को समर्थन, जदयू में तनाव.
पटना स्नातक चुनाव में बगावत से जदयू में तनाव
असली सियासी विवाद पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के MLC चुनाव को लेकर है. जदयू ने अपने मौजूदा विधान पार्षद नीरज कुमार को फिर उम्मीदवार बनाया है, लेकिन अनंत सिंह ने खुलेआम जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह को समर्थन दे दिया है. वह अनुज के नामांकन में साथ रहे और फतुहा, बख्तियारपुर, नालंदा, नवादा तक रोड शो और जन आशीर्वाद यात्रा निकालकर वोट मांग रहे हैं.
क्या अनंत सिंह पर कार्रवाई करेगा जदयू?
अनंत सिंह का आरोप है कि पिछले विधानसभा चुनाव में नीरज कुमार ने उनके खिलाफ काम किया था, तब पार्टी ने कार्रवाई नहीं की. जदयू ने विवाद सुलझाने के लिए केंद्रीय मंत्री ललन सिंह को अधिकृत किया. ललन सिंह ने कहा कि अनंत सिंह नीरज का प्रचार नहीं करेंगे और सार्वजनिक बयानबाजी नहीं करेंगे. 5 अक्टूबर को यह समझौता हुआ था, लेकिन 9 अक्टूबर को CM आवास पर NDA की बैठक के बाद भी अनंत सिंह बोले, मैं अनुज सिंह के लिए काम करूंगा. साफ है कि अनंत सिंह के रुख से जदयू की मुश्किल बढ़ गई है. वहीं, मंत्री श्रवण कुमार ने चेतावनी दी है कि पार्टी लाइन के खिलाफ काम करने पर कार्रवाई होगी.
About the Author
पत्रकारिता क्षेत्र में 22 वर्षों से कार्यरत. प्रिंट, इलेट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन. नेटवर्क 18, ईटीवी, मौर्य टीवी, फोकस टीवी, न्यूज वर्ल्ड इंडिया, हमार टीवी, ब्लूक्राफ्ट डिजिट…
और पढ़ें