Muzaffarpur Police: बिहार की मुजफ्फरपुर पुलिस का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें कुछ पुलिस वाले मिलकर कथित तौर पर एक महिला का बाल खींचते हुए उसे गिरा देते हैं। उसके बाद वहां मौजूद लोग हंगामा करने लगते हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वरिष्ठ पदाधिकारियों ने संज्ञान लिया है। इसकी जांच का आदेश देने की बात कही है।

महिला के साथ पुलिस की मारपीट
जानकारी के अनुसार, महिला ने अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था उसका पति पिछले कई महीनों से लापता है। वहीं, ससुराल पक्ष के लोग उसे साथ रखने को तैयार नहीं हैं। इसी मामले में महिला न्याय की गुहार लेकर अपने पति के दरवाजे पर पहुंची थी। इसी दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में लेने का प्रयास किया। इसका स्थानीय लोगों ने विरोध किया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
वीडियो वायरल होने के बाद एक्शन
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने महिला के साथ बल प्रयोग और मारपीट को अनुचित बताते हुए मामले में शामिल पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई और निलंबन की मांग की है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने मामले में एक्शन लेने की मांग की है। पुलिस ने जांच का भरोसा दिया है।
डीएसपी वेस्ट ने लिया संज्ञान
मामले में डीएसपी वेस्ट सुचित्रा कुमारी ने संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि कांटी थाना क्षेत्र के नरसंडा गांव के समीप डायल-112 के पुलिसकर्मियों द्वारा एक महिला के साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार का वीडियो वायरल होने की जानकारी मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में पुलिस पदाधिकारी या कर्मी दोषी पाए जाते हैं तो उनके विरुद्ध त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

