जागरण संवाददाता, रामपुर। भक्ति, संगीत और सुरों का संगम जब श्रोताओं के दिलों तक पहुंचा तो नगर के युवा दंपती सोनम गुप्ता और पलाश गुप्ता का भजन इंटरनेट मीडिया पर छा गया। राधा अष्टमी के अवसर पर यूट्यूब पर जारी भजन ‘राधा राधा रटना’ को महज 15 दिनों में 10 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है। राधा-कृष्ण की भक्ति में डूबे इस भजन को श्रोता पसंद करने के साथ ही साझा भी कर रहे हैं।
इस भजन की खास बात यह है कि इसके बोल लिखने से लेकर धुन तैयार करने तक की जिम्मेदारी मुहल्ला चाह इन्छाराम निवासी सोनम गुप्ता ने निभाई, जबकि पलाश गुप्ता ने अपनी आवाज दी है।

दोनों ने मिलकर भक्ति संगीत को अपनी अभिव्यक्ति का माध्यम बनाया है। उनके इस प्रयास को फिल्म अभिनेता रजा मुराद ने भी व्यक्तिगत रूप से सराहा और शाबाशी दी।
इससे गदगद पलाश बताते हैं कि वह सराफा कारोबारी हैं। संगीत में रूचि है। उनकी संगीत यात्रा गिटार सीखने की इच्छा से शुरू हुई थी। धीरे-धीरे संगीत के प्रति रुचि बढ़ी तो उन्होंने प्रशिक्षण लेना शुरू किया।
स्ट्रिंग्स म्यूजिक इंस्टीट्यूट में मनीष मेहरा से शुरुआती सीखने के बाद आकाशवाणी रामपुर की शोभा माथुर से सेमी-क्लासिकल संगीत की शिक्षा ली। बाद में उन्होंने रामपुर-सहसवान घराने से जुड़े दिवंगत उस्ताद उसामा खान नियाजी से भी संगीत सीखा।
गायन के साथ पलाश गिटार, पियानो और हारमोनियम भी बजाते हैं। वह बताते हैं कि संगीत उनके लिए ईश्वर से जुड़ने का जरिया भी है। सोनम की धार्मिक प्रवृत्ति और भजन लेखन में रुचि ने इस साझा सफर को नई दिशा दी है।
राधा राधा रटना भजन को इसी का परिणाम बताते हुए कहा कि उनके इस भजन को काफी सराहना मिल रही है। सोनम और पलाश इससे पहले भी अपने संगीत वीडियो यूट्यूब पर जारी कर चुके हैं। अब उनकी योजना नए भजनों के जरिए श्रोताओं तक पहुंचने की है।
दंपती ने बताया कि दिवाली पर भगवान सियाराम को समर्पित नया भजन जारी किया जाएगा। उनके भजन यूट्यूब चैनल द पावन्स और पलाश गुप्ता पर हैं। रामपुर के इस युवा दंपती की कोशिश है कि भक्ति संगीत के माध्यम से लोगों को ईश्वर से जुड़ने का एक मधुर एहसास मिले।
