जागरण संवाददाता, प्रयागराज। रेलवे कर्मचारियों को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 78 दिनों का बोनस (41,149 रुपये) दिए जाने के नाम पर सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा पत्र पूरी तरह फर्जी और जाली निकला है।
रेलवे बोर्ड ने इस संबंध में स्पष्टीकरण जारी करते हुए सभी जोनल कार्यालयों और कर्मचारियों को सतर्क किया है। इंटरनेट मीडिया पर रेलवे बोर्ड के नाम से एक पत्र (आरबीई सं. 101/2026) वायरल हो रहा था। इसमें गैर-राजपत्रित कर्मचारियों को 41,149 रुपये उत्पादकता आधारित बोनस का दावा था।
इस बार रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट किया कि ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। वायरल पत्र पर सक्षम अधिकारी के जाली हस्ताक्षर किए गए हैं और उसमें किए गए दावे पूरी तरह अनाधिकृत हैं।
रेलवे बोर्ड के संयुक्त निदेशक (स्थापना/पी एंड ए-द्वितीय) मनोज कुमार के अनुसार सभी जोनल रेलवे, उत्पादन इकाइयों और मुख्य प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इस फर्जी पत्र को पूरी तरह खारिज करें और इसके आधार पर कोई भुगतान न करें।
