पैसे से ज्यादा अनुशासन और सोच पर जोर
विद्युत जामवाल का मानना है कि केवल भारी-भरकम बजट खर्च करने से ही हॉलीवुड जैसी गुणवत्ता हासिल नहीं की जा सकती। उन्होंने उन फिल्म निर्माताओं की सोच पर असहमति जताई जो मानते हैं कि बड़े बजट से ही हॉलीवुड के स्तर की फिल्में बनाई जा सकती हैं। अभिनेता ने कहा कि पैसा महत्वपूर्ण है, लेकिन यह सब कुछ नहीं है। उनके अनुसार, फिल्म निर्माण में बदलाव के लिए केवल बजट नहीं, बल्कि कार्यप्रणाली और सोच में सुधार लाने की आवश्यकता है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी यह टिप्पणी भारतीय सिनेमा पर कोई कटाक्ष नहीं है, बल्कि एक व्यापक दृष्टिकोण है। विद्युत ने बताया कि हॉलीवुड में कानूनी व्यवस्था और इंश्योरेंस कंपनियों की भूमिका बहुत सख्त होती है, जो कलाकारों की सुरक्षा और काम के तौर-तरीकों को लेकर काफी सतर्क रहती हैं। यही वह बुनियादी अंतर है जो वहां के प्रोडक्शन को एक अलग स्तर पर ले जाता है।
भारतीय एक्शन का बदलता स्वरूप
भारतीय फिल्मों में एक्शन के स्तर पर बात करते हुए विद्युत ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में इसमें काफी सुधार आया है। उन्होंने माना कि आज भारतीय सिनेमा में वर्ल्ड-क्लास एक्शन देखने को मिल रहा है और यहां के फिल्ममेकर्स बेहतरीन एक्शन निर्देशकों के साथ काम कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने दोहराया कि तकनीकी और कानूनी फ्रेमवर्क के मामले में अभी भी हॉलीवुड की कार्यप्रणाली अधिक व्यवस्थित है।
बता दें कि ‘स्ट्रीट फाइटर’ कैपकॉम की प्रसिद्ध वीडियो गेम सीरीज पर आधारित तीसरी लाइव-एक्शन फिल्म है। किताओ सकुराई द्वारा निर्देशित इस फिल्म में विद्युत जामवाल के अलावा नोआ सेंटिनियो, एंड्रयू कोजी, रोमन रेंस, 50 सेंट और जेसन मोमोआ जैसे कई अंतरराष्ट्रीय कलाकार शामिल हैं। यह बहुप्रतीक्षित फिल्म 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।