महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। चौक थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेम-प्रसंग के दौरान बनाए गए निजी वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने का मामला सामने आया है। नाबालिग पीड़िता की शिकायत के बाद चौक पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। गांव की एक किशोरी का एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी दौरान दोनों के निजी पलों का वीडियो बनाया गया। आरोप है कि युवक के कुछ दोस्तों ने उक्त वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया। वीडियो वायरल होने की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी।
पीड़िता के नाबालिग होने के साथ ही अनुसूचित जाति वर्ग से होने की बात सामने आई है। पुलिस सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री और उससे जुड़े लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। सीओ निचलौल रवींद्र सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली और मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। थानाध्यक्ष मनीष पटेल ने बताया कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा पंजीकृत हो गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
