Home Viralसंतकबीरनगर में कोचिंग से लौट रहे छात्रों पर बदमाशों ने की फायरिंग, वीडियो वायरल

संतकबीरनगर में कोचिंग से लौट रहे छात्रों पर बदमाशों ने की फायरिंग, वीडियो वायरल

by BollywoodNewsAndMovie


जागरण संवाददाता, संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के कांटे गांव के बाहर सोमवार सुबह कोचिंग से लौट रहे दसवीं के दो छात्रों पर फायरिंग का मामला सामने आया है।

तीन बाइकों से आए छह बदमाशों ने छात्रों की बाइक रोककर उनके साथ मारपीट की। जब लोग बीच-बचाव के लिए आगे बढ़े, तो एक युवक ने पिस्टल निकालकर हवा में फायर कर दिया, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

राजपुर सरैया गांव निवासी रमन यादव, जो कक्षा दस का छात्र है, सोमवार सुबह करीब छह बजे अपने मित्र हरिओम गौतम के साथ बाइक से कांटे स्थित कोचिंग सेंटर पहुंचा था।

दोनों छात्र करीब सवा सात बजे कोचिंग से पढ़ाई कर घर लौट रहे थे। कांटे गांव से कुछ दूरी पर पहुंचते ही तीन बाइकों पर आए युवकों ने उनकी बाइक रोक ली। सभी ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था। बाइक रुकते ही युवकों ने दोनों छात्रों को पीटना शुरू कर दिया।

मारपीट देखकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे। लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, तभी आरोपितों में से एक युवक ने पिस्टल निकालकर हवा में फायर कर दिया।

गोली चलने की आवाज से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। फायरिंग के बाद आरोपित वहां से भागने लगे, लेकिन छात्रों और ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर कांटे चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए युवक को हिरासत में ले लिया। घटना के वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।



Source link

You may also like

Leave a Comment