हरदोई में चोरी के शक में मेड से बर्बरता: महिलाओं ने कुर्सी से हाथ-पैर बांधकर पीटा, खौफनाक वीडियो वायरल


जागरण संवाददाता, हरदोई। जेवर चोरी के मामूली शक में एक गरीब घरेलू सहायिका को रसूखदार महिलाओं ने तालिबानी सजा दे डाली। कानून-व्यवस्था को ठेंगे पर रखकर महिलाओं ने खुद की ‘कंगारू अदालत’ लगाई। महिला को बंधक बनाया। हाथ-पैर बांधकर कुर्सी पर बैठाया गया। गले में फंदा कस दिया गया।

इसके बाद चप्पलों और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया। बाल नोचकर जमीन पर घसीटा गया। इस रूह कंपा देने वाली बर्बरता का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होते ही खलबली मच गई।

पूरा मामला कोतवाली देहात क्षेत्र के शाहजहांपुर मार्ग स्थित नेक्सरा कॉलोनी का है। कॉलोनी निवासी एक लेखपाल अपने परिवार के साथ बाहर गए हुए थे। बुधवार को जब वे वापस लौटे, तो घर से सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले। लेखपाल परिवार का शक सीधे घर में झाड़ू-पोछा करने वाली बेहटागोकुल क्षेत्र की एक महिला नौकरानी पर गया।

500 रुपये का नोट डालकर रची साजिश

सच्चाई जानने के लिए पुलिस को सूचना देने के बजाय कॉलोनी की कुछ तथाकथित रसूखदार महिलाओं ने एक बैठक बुलाई। बैठक में नौकरानी की नीयत परखने के लिए एक अजीबोगरीब ‘ट्रैप’ तैयार किया गया। साजिश के तहत घर के फर्श पर 500 रुपये का एक नोट गिरा दिया गया। बुधवार को जब नौकरानी रोज की तरह काम करने पहुंची, तो उसने जमीन पर पड़ा वह नोट उठा लिया।

बिना सबूत मुजरिम माना, फिर शुरू हुआ बर्बर खेल

नौकरानी के नोट उठाते ही महिलाओं ने तय कर लिया कि जेवर उसी ने चुराए हैं। इसके बाद शुरू हुआ अमानवीय यातनाओं का सिलसिला। महिला गिड़गिड़ाती रही, हाथ जोड़कर खुद को बेकसूर बताती रही, लेकिन किसी का दिल नहीं पसीजा। उसे रस्सी से जकड़कर कुर्सी पर बैठाया गया और गले में फंदा डालकर दम घोंटने की कोशिश की गई। दर्जनों चप्पलें और डंडे बरसाए गए, सिर के बाल नोंच डाले गए।

वीडियो वायरल होते ही पुलिस में खलबली

हैरानी की बात यह रही कि जब यह वहशियाना खेल चल रहा था, तब कमरे में मौजूद लोग तमाशबीन बनकर मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे। गुरुवार को जब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो लोगों का गुस्सा भड़क उठा और पुलिस-प्रशासन पर सवाल उठने लगे।

पुलिस बोली- दर्ज होगा मुकदमा

कोतवाली देहात थाना प्रभारी समर सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो का तत्काल संज्ञान लिया गया है। पुलिस टीम को पीड़ित महिला से संपर्क साधने के लिए भेजा गया है। कानून को हाथ में लेने, बंधक बनाने और जानलेवा हमला करने वाली सभी आरोपित महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।



Source link

Related posts

आगरा:सपा महानगर अध्यक्ष के फर्जी हस्ताक्षर का पत्र वायरल, उपाध्यक्ष को पद से निष्कासित दिखाया; एफआईआर दर्ज – Letter Bearing Forged Signature Of Sp City Unit President Goes Viral

Ramnagar Viral Video | Electricity Line Tampering Case Filed in Teliyani

Fact Check: क्या मुश्ताक खान के प्रेयर मीट से राजपाल यादव का किया गया बाहर? जानें वायरल वीडियो के पीछे की सच्चाई