राजपाल यादव (IANS)
हैदराबाद: बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वह किसी फिल्म या केस को लेकर नहीं, बल्कि एक वीडियो को लेकर. सोशल मीडिया पर राजपाल यादव का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे दिवंगत एक्टर मुश्ताक खान की प्रेयर मीट से निकलते हुए दिख रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि दिवंगत एक्टर के परिवार ने उन्हें वहां से जाने के लिए कहा था. हालांकि, वायरल हो रहे इस दावे में पूरी सच्चाई नहीं है.
कैंसर से जूझने के बाद, 24 सितंबर को मुंबई के नानावटी अस्पताल में मुश्ताक खान का निधन हो गया. 30 सितंबर को दिवंगत एक्टर के लिए एक प्रेयर मीट होस्ट किया गया, जिसमें फिल्म इंडस्ट्री के कई सदस्यों ने हिस्सा लिया, जिनमें राजपाल यादव, पूनम ढिल्लों, राहुल रॉय, राखी सावंत, सुल्भा आर्या और शाहबाज खान समेत अन्य हस्तियां शामिल थे.
वायरल वीडियो
इस बीच प्रेयर मीट से एक वीडियो सामने आया. वायरल वीडियो में राजपाल यादव मीडिया से बात कर रहे थे, तभी एक महिला चिल्लाती हुई सुनाई दी. वह कहती, ‘आपको अब बाहर भेजा जाएगा. हमने आपको समझाया, आप क्यों ऐसे कर रहे हो? यह कोई जगह है सेल्फी लेने की?’ वीडियो पर कैप्शन में लिखा था, ‘राजपाल यादव की बेइज्जती की गई और उन्हें मुश्ताक खान की प्रेयर मीट से निकाल दिया गया. लेकिन क्यों?’
फैक्ट चेक
हालांकि, उसी इवेंट का एक और वीडियो कुछ अलग ही कहानी बयां करता है. एक अन्य वायरल वीडियो में एक आदमी प्रेयर मीट के दौरान ही राजपाल के साथ सेल्फी लेने की कोशिश करता हुआ दिखाई देता है. तभी एक महिला बीच में आती है और उस आदमी को वहां से जाने के लिए कहती है. इसके बाद वह आदमी अपना फोन हटाकर वहां से चला जाता है.
राजपाल ने दिवंगत एक्टर को दी श्रद्धांजलि
इस बीच, राजपाल अपने दिवंगत सह-कलाकार मुश्ताक खान को श्रद्धांजलि देते हुए मीडिया से बात की. उन्होंने कहा, ‘मुश्ताक भाई की आत्मा को शांति मिले. बहुत ही पवित्र आत्मा थी, अच्छे इंसान थे और बहुत ही काबिल अभिनेता . हम सभी उन्हें याद रखेंगे.’
मुश्ताक खान का निधन
मुश्ताक खान काफी समय से कैंसर से जूझ रहे थे. इसी दौरान 24 सितंबर को उनका निधन हो गया. हालत गंभीर होने पर उन्हें मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था. निधन से पहले वे आईसीयू में थे. उनके निधन के बाद हुई प्रेयर मीट में उनके कई पुराने साथी और दोस्त शामिल हुए, जिनमें राजपाल भी थे.