हॉलीवुड एक्ट्रेस और मॉडल Kimmarie Johnson का 50 वर्ष की आयु में निधन
ब्यूटी पेजेंट से अभिनय तक का सफर
पेंसिल्वेनिया के विल्किंसबर्ग में जन्मीं किममेरी जॉनसन ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग और ब्यूटी पेजेंट से की थी। वर्ष 1992 में उन्होंने ‘मिस पेंसिल्वेनिया यूएसए’ का खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद 1993 में उन्होंने ‘मिस यूएसए’ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और टॉप 5 फाइनलिस्ट में अपनी जगह बनाई। अपनी सुंदरता और प्रतिभा के दम पर उन्होंने मॉडलिंग की दुनिया में एक अलग पहचान स्थापित की थी। 90 के दशक के अंत में उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखा। उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता टीवी शो ‘बेवर्ली हिल्स, 90210’ से मिली। इसके अलावा, उन्होंने पामेला एंडरसन के साथ सीरीज ‘वी.आई.पी.’ में भी काम किया। फिल्मों की बात करें तो वर्ष 2000 में आई कॉमेडी फिल्म ‘ड्यूड, व्हेयर इज माई कार?’ उनके करियर की चर्चित फिल्मों में गिनी जाती है। उन्होंने ‘स्पैनिश फ्लाई’, ‘शैडो फ्यूरी’, ‘गैंग वॉर्स’ और ‘लिगेसी’ जैसी फिल्मों में भी अभिनय किया था।
अभिनय से दूरी और व्यावसायिक जीवन
वर्ष 2003 में अपने बेटे कैमरून नीनो के जन्म के बाद किममेरी ने अभिनय की दुनिया से किनारा कर लिया था। उन्होंने अपना पूरा ध्यान अपने बेटे की परवरिश पर केंद्रित करने का निर्णय लिया था। हालांकि, उन्होंने काम से पूरी तरह दूरी नहीं बनाई और बाद में उद्यमिता की ओर रुख किया। साल 2011 में उन्होंने अपना खुद का स्किनकेयर ब्रांड ‘स्किनग्लो बाय किममैरी’ लॉन्च किया। अपने इस बिजनेस के माध्यम से वह महिलाओं को स्वास्थ्य और त्वचा की देखभाल के प्रति जागरूक करने का प्रयास कर रही थीं। किममेरी जॉनसन के निधन से उनके परिवार और प्रशंसकों में गहरा शोक है। वह अपने पीछे अपने बेटे कैमरून नीनो को छोड़ गई हैं।